मंजर भोपाली के मंचीय सफर के 50 साल पूरे, 27 सितंबर को मुशायरे का आयोजन

भोपाल। इस खास मौके को महज एक बैंक्विट हॉल में समेटा गया, चंद चाहने वाले और कद्रदानों को बुलाया गया, पास से गिनती में आने जैसे लोगों को जुटाया जा रहा है। अपने महबूब शायर की इस कामयाबी को सारा शहर देखने, सुनने, पास से महसूस करने और उस खास मौके का हिस्सा बनना चाहता है।
'पास' की बाधा हर शहरी के दिल को कचोट रही है।
छोटी उम्र से शायरी का सफ़र शुरू कर कामयाबी की मंज़िल पर पताका लहराने वाले शायर मंजर भोपाली अब अपने मंच के सफ़र के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस खास महफिल को नया अंदाज देने के लिए मंजर ने चुनिंदा शायर और मखसूस कद्रदान जमा करने का विचार आगे बढ़ाया है। सादगी भरे इस प्रोग्राम में टीवी की मशहूर एंकर आरफ़ा खानम शेरवानी का एजाज किया जाने वाला है। साथ ही मुशायरे की महफिल में नवाज देवबंदी, इकबाल अशहर, जौहर कानपुरी, महशर आफरीदी, डॉ. सुनील पवार, डॉ. तारिक कमर, शबीना अदीब और हिमांशी बाबरा अपने कलाम का जादू बिखेरने वाले हैं।
देवास से शुरुआत, दुनिया में शोहरत
मंजर भोपाली ने अपने अदबी सफ़र की शुरुआत देवास के छोटे मुशायरे से की थी। वर्ष 1976 में पहली बार मंच पर मिली कामयाबी ने दुनिया के मुशायरों की रौनक बना दिया। उन्होंने हिंदुस्तान के हर छोटे-बड़े के मुशायरा मंच पर अपनी आवाज़ और कलाम का जादू बिखेरा। दुनिया के कई मुल्कों में भी वे मारुफियत की उस हद तक पहुंचे कि इकलौते अमेरिका में ही वे करीब 800 ज्यादा मुशायरा मंच शेयर कर चुके हैं। मंजर भोपाली संभवतः इकलौते ऐसे शायर कहे जा सकते हैं, जिन्हें अमेरिका जैसे देश ने एजाजी नागरिकता प्रदान की है। अमेरिका के अलावा वे कैनेडा, ऑस्ट्रेलिया, नॉर्वे, इंग्लैंड, एम्सतइस, मलेशिया, सऊदी अरब, यूएई, सल्तनत -ए-ओमान, दोहा कतर, पाकिस्तान, अफ्रीका, ईरान, कुवैत, सिंगापुर, बहरीन, नेपाल आदि देशों में भी अपनी शायरी को पहुंचाया है।
भोपाल के बाद बैंगलोर में मुशायरा
27 सितम्बर को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम से पहले मंजर भोपाली का बैंगलोर में मुशायरा है। जबकि कार्यक्रम के अगले ही दिन वे ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां से उनका दुबई और अमेरिका मुशायरों में हिस्सा लेने का प्रोग्राम है। यही नहीं उनके कार्यक्रम में सम्मानित की जाने वाली एंकर आरफ़ा खानम शेरवानी खुद भी अपने अमेरिका दौरे से सीधे इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचने वाली हैं। इसी तरह कार्यक्रम के एक अन्य मेहमान राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला भी लंदन से आकर इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।




















