Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमरवाड़ा मंडी में मक्का की खरीदी शुरू नहीं, किसान 2,000 से 2,400 रुपये क्विंटल में बेचने को मजबूर; तीन दिन का अल्टीमेटम

छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा कृषि उपज मंडी में मक्का की नीलामी शुरू नहीं होने से किसान खुले बाजार में 2,000 से 2,400 रुपये प्रति क्विंटल में उपज बेच रहे हैं। भारतीय किसान संघ ने तीन दिन में खरीदी शुरू करने की मांग की है।
अमरवाड़ा मंडी में मक्का की खरीदी शुरू नहीं, किसान 2,000 से 2,400 रुपये क्विंटल में बेचने को मजबूर; तीन दिन का अल्टीमेटम
अमरवाड़ा मंडी में मक्का की खरीदी शुरू नहीं

छिंदवाड़ा। विधानसभा क्षेत्र अमरवाड़ा की कृषि उपज मंडी में खरीफ सीजन की मक्का की आवक शुरू होने के बावजूद अब तक नीलामी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इसके चलते किसानों को खुले बाजार में व्यापारियों को 2,000 से 2,400 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से मक्का बेचना पड़ रहा है। भारतीय किसान संघ ने आरोप लगाया है कि मंडी में खरीदी शुरू नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ व्यापारी और बिचौलिए किसानों से कम कीमत पर उपज खरीद रहे हैं। संघ ने मंडी प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में खरीदी शुरू नहीं हुई तो किसानों के साथ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

मंडी बंद, खुले बाजार में कम दाम पर बिक रही मक्का

भारतीय किसान संघ अमरवाड़ा के अनुसार, दशहरा के बाद से अमरवाड़ा और आसपास के बाजारों में रोजाना बड़ी मात्रा में मक्का की आवक हो रही है। किसान अपनी उपज लेकर बाजार पहुंच रहे हैं, लेकिन मंडी में नीलामी नहीं होने के कारण उन्हें व्यापारियों के सामने कम कीमत पर फसल बेचनी पड़ रही है। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ बिचौलिए किसानों के घर और खलिहान तक पहुंचकर कम दामों पर मक्का खरीद रहे हैं। खरीदी के बाद मक्का से भरे ट्रक सीधे नागपुर की ओर भेजे जा रहे हैं। किसानों की शिकायत है कि मंडी में कारोबार शुरू नहीं होने से उन्हें उचित मूल्य मिलने का विकल्प नहीं मिल पा रहा है।

सीजन में 20 हजार क्विंटल तक पहुंच सकती है आवक

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को मक्का उत्पादक इलाके के रूप में जाना जाता है। यहां अमरवाड़ा के अलावा हर्रई, बटकाखापा, धसनवाड़ा, सुरलाखापा, पौनार, घोगरी, लिंगपानी, मरकावाड़ा, केकड़ा, पेटदेवरी, सोनपुर और सिंगोड़ी सहित आसपास के गांवों के किसान उपज बेचने पहुंचते हैं। भारतीय किसान संघ के मुताबिक, सामान्य दिनों में मंडी क्षेत्र में मक्का की आवक करीब 10 हजार क्विंटल रहती है। सीजन के दौरान यह बढ़कर 20 हजार क्विंटल तक पहुंचने की संभावना है। इसके बावजूद मंडी में खरीदी शुरू नहीं होने से बड़ी संख्या में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छिंदवाड़ा में मां को बचाने तेंदुए से भिड़ा बेटा, 30 सेकंड तक चला संघर्ष; दोनों घायल

मंडी में सुविधाएं होने के बावजूद खरीदी शुरू नहीं

भारतीय किसान संघ ने मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंडी परिसर में प्लेटफॉर्म, टीन शेड, गोदाम, बिजली, पानी और विश्राम गृह जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बाद भी किसानों को खुले बाजार, दुकानों और बाईपास क्षेत्र में उपज बेचनी पड़ रही है। संघ का कहना है कि मंडी परिसर में व्यापारियों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक बोली के माध्यम से खरीदी कराई जाए तो किसानों को बेहतर दाम मिल सकते हैं। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि मंडी में खरीदी नहीं होने से सौदा पत्रक और अनुबंध के माध्यम से होने वाले कारोबार में बिचौलियों की भूमिका बढ़ रही है। किसानों को मंडी भाव की तुलना में करीब 500 रुपये प्रति क्विंटल तक कम कीमत मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

तीन दिन में खरीदी शुरू नहीं हुई तो आंदोलन

इस मामले को लेकर भारतीय किसान संघ अमरवाड़ा ने मोर्चा खोल दिया है। संघ के अध्यक्ष राजेश साहू और कार्यकारिणी ने प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, सांसद, विधायक, मंडी सचिव और प्रशासक को ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्या से अवगत कराया है। संघ ने मांग की है कि आगामी तीन दिनों के भीतर मंडी प्रांगण में नीलामी बोली के माध्यम से मक्का की खरीदी शुरू की जाए। ऐसा नहीं होने पर किसानों को एकजुट कर व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। संघ का कहना है कि किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

छिंदवाड़ा के रिलायंस मॉल पर दो मामले दर्ज, घुन लगी दाल और खराब सब्जियां बेचने का आरोप

नमी अधिक होने से खरीदी शुरू नहीं हुई: मंडी सचिव

मंडी सचिव के अनुसार, मंडी परिसर में बिजली, पानी, गोदाम, शेड और विश्राम गृह सहित सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। व्यापारियों से नकद भुगतान और नीलामी में स्वीकृत बोली के बाद आवश्यक अनुबंध की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मक्का में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण फिलहाल खरीदी शुरू नहीं की गई है। आगामी कार्य दिवस में बैठक आयोजित कर खरीदी प्रारंभ करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...

Latest Posts