Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भिंड के जनविश्वास शिविर में 295 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 248 आवेदनों का मौके पर निराकरण

गोहद में आयोजित जनविश्वास शिविर में 295 आवेदन मिले। कलेक्टर और विधायक ने सुनवाई की। 19 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
जन विश्वास योजना में कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण बास्केट वितरित करते कलेक्टर पवन जैन

भिंड। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि अधिकारी खुद जनता के बीच पहुंचकर उनकी सुनवाई करें। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत गोहद के महर्षि अरविंद महाविद्यालय परिसर में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर 295 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 248 का मौके पर ही निराकरण किया गया। कलेक्टर पवन जैन और विधायक केशव देसाई ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शेष आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित अभियान के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग, लोकसेवा प्रबंधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगर पंचायत तथा खाद्य विभाग से संबंधित समस्याएं लेकर लोग पहुंचे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका निराकरण किया जाए। केवल आवेदन प्राप्त करना या औपचारिक जवाब देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आवेदक को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

19 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, सात बच्चों की माताओं को सुपोषण बास्केट

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के पांच, लाड़ली लक्ष्मी योजना के नौ तथा स्वामित्व योजना के पांच हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस तरह कुल 19 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सात कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण बास्केट वितरित कर बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही अभियान का उद्देश्य

कलेक्टर पवन जैन ने कहा कि जनविश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन का सरकार और सरकारी व्यवस्थाओं के प्रति विश्वास मजबूत करना है। शासन की मंशा है कि लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सभी विभागों के अधिकारी जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं।

कलेक्टर ने लोगों से आग्रह किया कि राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य सहित किसी भी विभाग से संबंधित समस्या हो तो शिविर में उपस्थित अधिकारियों को बताएं। वहीं अधिकारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराएं।

भिंड में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसएसपी ने अटेर किले से चंबल के घाटों तक किया निरीक्षण

बीमा योजनाओं और पराली नहीं जलाने की अपील

कलेक्टर ने शिविर में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी देते हुए इनके महत्व से लोगों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से दुर्घटना अथवा विपरीत परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बीमा योजनाओं से जुड़ने की अपील की।

किसानों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने फसल कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है और वातावरण में प्रदूषण बढ़ता है, जिसका असर पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। किसानों से फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने का आग्रह किया। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत आबादी भूमि के पट्टों की रजिस्ट्री कराने के लिए भी लोगों को जागरूक किया।

शिविर में जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीएम गोहद विकास केमोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ। 11 अगस्त 2014 से पीपुल्स समाचार, ग्वालि...

Latest Posts