Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विधि भवन और निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा, अधिवक्ताओं की मांगों पर मंत्री राकेश सिंह का ऐलान

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आदर्श मुनि सभागार में शुक्रवार को अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यस्थल की सुविधाओं को लेकर संवाद हुआ। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हाईकोर्ट के विधि भवन और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
विधि भवन और निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा, अधिवक्ताओं की मांगों पर मंत्री राकेश सिंह का ऐलान
विधि भवन और निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा

जबलपुर। कार्यक्रम में अधिवक्ता समुदाय के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और आधुनिक न्यायिक अधोसंरचना से जुड़े विषय प्रमुखता से उठाए गए। मंत्री राकेश सिंह ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से आवश्यक निर्माण कार्यों और सुविधाओं के विकास में सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने जिला बार एसोसिएशन को भी फंड उपलब्ध कराने की घोषणा की और कहा कि अधिवक्ताओं के लिए लोक निर्माण विभाग का फंड कभी कम नहीं पड़ेगा।

हाईकोर्ट के चेम्बर भवन और पार्किंग के टेंडर जल्द

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के प्रस्तावित चेम्बर भवन और मल्टी लेवल पार्किंग के टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े निर्माण कार्यों और सुविधाओं के विकास में पूरा सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संवाद आयोजित किया गया, जिसमें एडवोकेट्स बार एसोसिएशन ने भी सहभागिता की।

ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव की तारीख तय, 15 नवंबर को अध्यक्ष समेत 3 पदों पर वोटिंग

अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग

संवाद के दौरान अधिवक्ताओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, राज्य सरकार की ओर से जीवन बीमा की व्यवस्था करने और उन्हें प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग रखी। इन मांगों के जरिए अधिवक्ता समुदाय को सामाजिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई गई।

अधिवक्ता हेल्पलाइन शुरू करने का सुझाव

अधिवक्ताओं की समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर अधिवक्ता हेल्पलाइन शुरू करने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति के माध्यम से व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई गई। संवाद में अधिवक्ताओं की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।

Breaking News

रद्दी चौकी से हाईकोर्ट तक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव

कार्यक्रम में रद्दी चौकी से हाईकोर्ट तक फ्लाईओवर बनाने का विषय भी मंत्री राकेश सिंह के सामने रखा गया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी ने कहा कि राकेश सिंह विकास पुरुष के रूप में प्रसिद्ध हैं और अधिवक्ताओं के विकास में भी उनके द्वारा कोई कमी नहीं की जाएगी। इस प्रस्ताव को अधिवक्ताओं के लिए आवागमन की सुविधा से जोड़कर रखा गया।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह, जिला बार एसोसिएशन के मनीष मिश्रा, एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशांक शेखर, सचिव असीम त्रिवेदी और सौरभ सुंदर मौजूद रहे। जिला बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, सीनियर एडवोकेट काउंसिल के अध्यक्ष उमाकांत शर्मा सहित जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष सत्येन्द्र ज्योतिषी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts