राहुल गांधी बालाघाट के जगला गांव पहुंचे, मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मिले

बालाघाट। राहुल गांधी ने इससे पहले माटे प्राथमिक शासकीय स्कूल में बच्चों से करीब 15 मिनट मुलाकात की और मिड डे मील के बारे में जानकारी ली। बालाघाट में पिछले तीन महीनों में कुपोषण और मलेरिया से 32 आदिवासी बच्चों की मौत होने की बात सामने आई है। राहुल उन पांच बच्चों के परिवारों से मिल रहे हैं, जिनकी मौत प्रशासन के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।
जगला गांव में आदिवासी परिवारों के बीच पहुंचे राहुल
राहुल गांधी गुरुवार को बिरसा ब्लॉक के जगला गांव पहुंचे। यहां वे उन बैगा आदिवासी बच्चों के परिवारों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे हैं, जिनकी बीमारी के चलते मौत हुई है। कार्यक्रम स्थल पर करीब डेढ़ हजार लोग मौजूद हैं और राहुल परिवारों से बच्चों की बीमारी और मौत से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें: एक कचौड़ी दो समोसा, BJP पर नहीं भरोसा... अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला
विधायक अनुभा मुजरे और विवेक पटेल को पुलिस ने रोका
राहुल गांधी से मिलने पहुंचे विधायक अनुभा मुजरे और विवेक पटेल को पुलिस ने रोक दिया। दोनों विधायक राहुल से मुलाकात के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद राहुल गांधी परिवारों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते रहे।
माटे स्कूल में बच्चों से 15 मिनट की मुलाकात
जगला पहुंचने से पहले राहुल गांधी का काफिला ग्राम माटे के प्राथमिक शासकीय स्कूल में रुका। यहां उन्होंने बच्चों से करीब 15 मिनट बातचीत की और उनसे मिड डे मील को लेकर जानकारी ली। राहुल ने बच्चों से स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन और उसकी व्यवस्था के बारे में पूछा।
तीन महीने में 32 आदिवासी बच्चों की मौत
बालाघाट जिले में पिछले तीन महीनों के दौरान कुपोषण और मलेरिया से 32 आदिवासी बच्चों की मौत होने की बात सामने आई है। राहुल गांधी उन पांच बच्चों के परिवारों से भी मुलाकात कर रहे हैं, जिनकी मौत प्रशासन के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। वहीं बीजेपी ने राहुल के दौरे को राजनीतिक माइलेज लेने की कवायद बताया है।
आदिवासी वोटों के लिहाज से अहम है बालाघाट दौरा
बता दें कि मध्य प्रदेश की आबादी में आदिवासियों की हिस्सेदारी 21.1 प्रतिशत है, यानी प्रदेश में करीब हर पांचवां व्यक्ति आदिवासी है। विधानसभा की 230 सीटों में 47 सीटें ST के लिए आरक्षित हैं, जबकि 37 अन्य सीटों पर भी आदिवासी वोट अहम माने जाते हैं। इस तरह कुल 84 विधानसभा सीटों पर आदिवासी मतदाताओं का प्रभाव माना जाता है। लोकसभा की 29 सीटों में 6 सीटें ST के लिए आरक्षित हैं। राहुल गांधी महाराष्ट्र के बिरसी एयरपोर्ट से दोपहर 12.02 बजे सड़क मार्ग से रवाना हुए थे। उनका काफिला रजेगांव, सालेटेगा, कोसमी बायपास, भरवेली, सोनेवानी और बिठली होते हुए ग्राम जगला पहुंचा।



















