छिंदवाड़ा में स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत, जिले में पहला केस; लोगों के लिए गए सैंपल

छिंदवाड़ा। बुजुर्ग को खांसी और सांस लेने में परेशानी के बाद 19 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 23 सितंबर को जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें अलग वार्ड में शिफ्ट किया गया था। मंगलवार, 29 सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल के संबंधित वार्ड को सैनिटाइज कर अस्थायी रूप से बंद किया गया है और डॉक्टरों, कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
खांसी और सांस की तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
छिंदवाड़ा के पास अतरवाड़ा में रहने वाले 68 वर्षीय बुजुर्ग को खांसी और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें 19 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल लिया गया।
ये भी पढ़ें: अंबिकापुर में करंट से हाथी शावक की तड़पकर मौत, रातभर चिंघाड़ता रहा 27 हाथियों का दल
23 सितंबर को स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
23 सितंबर को जांच रिपोर्ट में बुजुर्ग के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल के अलग वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू किया गया। सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे के मुताबिक, मंगलवार 29 सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू को बताया कारण
डॉक्टर के मुताबिक बुधवार शाम मिली संक्षिप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू को मौत का कारण बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, बुजुर्ग कई दिनों से अस्वस्थ थे और संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें दूसरे मरीजों से अलग रखा गया था।
वार्ड सैनिटाइज कर अस्थायी रूप से किया बंद
बुजुर्ग की मौत के बाद अस्पताल के अलग वार्ड को सैनिटाइज किया गया और फिलहाल उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल मृतक के किसी अन्य मरीज के संपर्क में आने या उनकी यात्रा से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।
बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी प्रमुख लक्षण
चिकित्सकों के अनुसार H1N1 संक्रमण को आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान शामिल हैं। लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, भ्रम की स्थिति या लक्षण बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है।



















