PU Special :Gen Alpha के सपनों का भारत गढ़ने भाजपा मैदान में, इस खास अभियान की शुरूआत इंदौर से

विश्वनाथ सिंह.इंदौर। देशभर के 18 प्लस वोटरों को साधने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई रणनीति तैयार की है। जिसके तहत वह अब जेन अल्फा यानि भविष्य के वोटरों के बीच पहुंच रही है। भाजपा ने इस अभियान की शुरूआत इंदौर से की है। पिछले दिनों इसको लेकर जेन अल्फा के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश स्तर पर किया गया। इसमें 1 लाख 92 हजार बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के जरिए बच्चों ने बताया कि उन्हें 2047 में कैसा भारत चाहिए?
जिला स्तर पर आयोजित इस चित्रकला प्रतियोगिता में सरकारी, सीबीएसई और आईसीएसई के कुल 2162 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता का आयोजन 19 सितंबर 2026 से शुरू हुए भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा चित्र कार्यक्रम किया गया था। इसमें कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों ने भाग लिया था। कुल लगभग 2 लाख पेंटिंग्स में से मात्र 2000 पेंटिंग्स का ही चयन किया गया था।
इस तरह की पेंटिंग्स बनाई थी जेन अल्फा ने
अब सिर्फ 10 पेंटिंग्स जाएंगी प्रदेश स्तर पर
भाजपा पूर्व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू ने बताया कि इस प्रतियोगिता का विषय मेरे सपनों का भारत, 2047 में कैसा भारत चाहिए और मेरे हिसाब से विकसित भारत की तस्वीर कैसी होनी चाहिए था। इन 2000 पेंटिंग्स की प्रदर्शनी पिछले दिनों शासकीय अहिल्या आश्रम स्कूल में लगाई गई थी। इनमें से अब मात्र 10 पेंटिंग्स का चयन किया गया है, जो कि प्रदेश स्तर पर जाएंगी। इन पेंटिंग्स के सिलेक्शन के लिए सरकारी फाइन आर्ट्स कॉलेज के तीन शिक्षकों की टीम भी तैयार की गई है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई स्कूल की ड्राइंग हेड कुमकुम भारद्वाज, कला आर्ट स्टूडियो की पूजा मोरे और स्कूल शिक्षा विभाग की फाइन आर्ट की शिक्षिका सीमा पाठक ने प्रतिभागियों के बनाए गए चित्रों में से विजेता प्रतिभागियों का चयन किया है।
सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने शिक्षकों का सम्मान भी किया
बच्चों की परिकल्पना में ऐसा है विकसित भारत
उन्होंने बताया कि कुछ बच्चों ने स्वच्छता, हरियाली, प्रदूषण-मुक्त वातावरण और पर्यावरण संरक्षण, सौर पैनल, पवन ऊर्जा और अक्षय ऊर्जा के माध्यम से ऊर्जा के भविष्य को दर्शाया गया है। रॉकेट, उपग्रह और अंतरिक्ष अनुसंधान के माध्यम से भारत की वैज्ञानिक प्रगति, मेट्रो, आधुनिक रेल, तेज परिवहन और बेहतर सड़क व्यवस्था, डिजिटल तकनीक, आधुनिक संचार और तकनीक आधारित भविष्य की कल्पना, खेत, आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई और समृद्ध किसान, गरीबी-मुक्त भारत का संदेश भी दिखाई दिया।
जेन अल्फा की 2 हजार पेंटिंग्स देखने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा नेता पहुंचे थे बच्चों के बीच।
19 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि सेवा संकल्प के तहत यह अभियान 19 अक्टूबर तक चलेगा। इसके लिए पिछले एक महीने से कार्यकर्ता मैदानी स्तर पर मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने इंदौर जिले के 2 हजार से ज्यादा स्कूलों में जाकर संपर्क किया और इस प्रतियोगिता की परिकल्पना बताई। चित्रों के माध्यम से विकसित भारत के जो बेहतर सुझाव बच्चों ने बताए हैं उन्हें भाजपा अपने रोडमैप में भी शामिल करेगी।
जेन अल्फा की पेंटिंग प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे हुए शामिल।
जेन जी ने नया विजन देने का काम किया
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इस सभागार में 2000 से अधिक बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगी है। विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर को ड्राइंग शीट पर उकेर कर नया विजन देने का काम किया है। कार्यक्रम संयोजक विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र कैसे बनेगा, भावी पीढ़ी इस बारे में क्या सोचती है, इसलिए इंदौर में 2162 स्कूलों में बच्चों से ड्राइंग के माध्यम से मेरे सपनों के भारत विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता हुई है। इस अवसर पर कमल वाघेला, सुधीर कोल्हे, महेश कुकरेजा, कैलाश पीपले, विजय मालानी, भूपेंद्र केसरी भारत पारख, डॉ. दीप्ति हाड़ा, सचिन बंसल, वरुण पाल, हेमराज वाडिया, सौरभ खंडेलवाल, नितिन शर्मा, मनीष चौरे, पृथ्वी गोरे, कपिल जैन सहित स्कूल के शिक्षणगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।




















