Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रेहटी-बुधनी में एसपी सोनाक्षी का एक्शन मोड, कहा-अपराधियों पर शिकंजा कसो, पेंडिंग केस और वारंटों का करो त्वरित निपटारा

सीहोर एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने रेहटी-बुधनी थानों व एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई, रात्रि गश्त, बीट सिस्टम और लंबित मामलों की समीक्षा की।
सीहोर। एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने बुधनी और रेहटी में अपराधियों पर सख्ती और रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

सीहोर। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अब केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसकी आहट पकड़ने की तैयारी में जुटी है। इसी दिशा में पुलिस अधीक्षक  सोनाक्षी सक्सेना ने रेहटी और बुधनी थानों सहित एसडीओपी कार्यालय बुधनी का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिसिंग की जमीनी स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों से लेकर अपराध नियंत्रण और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली तक की बारीकी से समीक्षा की।

अवैध शराब, जुआ-सट्टा और आदतन अपराधियों पर सीधा वार

थाना रेहटी के निरीक्षण के दौरान एसपी ने क्षेत्र में सक्रिय अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने को कहा। साथ ही महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और शिकायत मिलते ही तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मालखाने से शस्त्रागार तक हर व्यवस्था की पड़ताल

एसपी ने थाना रेहटी के थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। मालखाने में जब्त सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव तथा शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और देखरेख के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस रिकॉर्ड और थाने की आंतरिक व्यवस्थाओं को भी गंभीरता से परखा गया।

Breaking News

लंबित वारंट और समंस पर शत-प्रतिशत तामीली का दबाव

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित वारंटों और समंस की स्थिति भी जांची गई। एसपी ने अधिकारियों को इनकी शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट जोर इस बात पर रहा कि लंबित कार्रवाई को अनावश्यक रूप से खींचने के बजाय प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो।

बुधनी में रात की गश्त होगी और तेज

इसके बाद एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाना बुधनी का वार्षिक निरीक्षण किया। बुधनी के औद्योगिक और शहरी क्षेत्र को देखते हुए उन्होंने नियमित पेट्रोलिंग तथा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। पुलिस को संवेदनशील स्थानों और संभावित अपराध प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि असामाजिक तत्वों पर लगातार दबाव बना रहे।

बीट सिस्टम को जमीन पर उतारने की हिदायत

एसपी ने बीट प्रणाली को अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने बीट क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने, असामाजिक तत्वों की जानकारी जुटाने और स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी मजबूत करने पर जोर दिया गया। फरियाद लेकर थाने पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या संवेदनशीलता से सुनकर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने की हिदायत भी दी गई।

अपराध रजिस्टर से मर्ग डायरी तक रिकॉर्ड की जांच

थाना बुधनी में अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, जब्ती रजिस्टर और मर्ग डायरियों सहित विभिन्न अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। एसपी ने सभी रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और पुलिस कार्यवाही में दस्तावेजी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। थाने की आंतरिक और बाहरी स्वच्छता का भी निरीक्षण किया गया।

ये भी पढ़ें: सीहोर में सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत: बुजुर्गों के विवाद संवाद से सुलझे, चेहरे पर लौटी मुस्कान

गंभीर और अनसुलझे मामलों पर एसडीओपी की जवाबदेही

निरीक्षण के अंतिम चरण में एसपी एसडीओपी कार्यालय बुधनी पहुंचीं। यहां अनुभाग स्तर के महत्वपूर्ण अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों, विभागीय जांचों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। एसडीओपी को गंभीर और अनसुलझे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रभावी सुपरविजन के निर्देश दिए गए।

पुराने मामलों के लिए बनेगी कार्ययोजना

एसपी ने पुराने लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा। उनका जोर केवल नए मामलों के निपटारे पर नहीं, बल्कि लंबे समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनकी विवेचना को गति देने पर भी रहा। पुलिस अधिकारियों को गंभीर मामलों की नियमित समीक्षा और पर्यवेक्षण मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें: सीहोर में टाइगर की दहशत! जहांगीरपुरा में बकरी का शिकार, धवोटी-धामनखेड़ा मार्ग पर फिर दिखा बाघ

पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर भी फोकस

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समय पर निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने पुलिसिंग के उच्च मानकों को बनाए रखने और ड्यूटी के साथ-साथ पुलिस बल के कल्याण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वार्षिक निरीक्षण के अवसर पर एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts