पांढुर्णा: पाठई में कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को निराकरण के दिए निर्देश

पांढुर्णा। कलेक्टर के साथ संयुक्त कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित लगभग सभी विभाग प्रमुख अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को शासन की सभी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को समय सीमा में लाभ देने के निर्देश दिए और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की हिदायत दी।
आदिवासी बाहुल्य ग्राम पाठई पहुंचे कलेक्टर
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 18 सितंबर को प्रदेश और संभाग मुख्यालय की अंतिम सीमा पर स्थित पांढुर्णा जिले के अति दुर्गम आदिवासी बाहुल्य ग्राम पाठई में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। इसी के तहत अल सुबह खुद जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ग्राम पाठई पहुंचे।
ये भी पढ़ें: रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में गंदगी करने पर अब लगेगा 1,000 रुपए का जुर्माना
सभी विभाग प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
जन विश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर के साथ अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर, एसडीएम अलका एक्का, जनपद सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर सहित अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त कलेक्टर, तहसीलदार सहित लगभग सभी विभाग प्रमुख अधिकारी भी शिविर में मौजूद थे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और संबंधित विभागों को उनके निराकरण की जिम्मेदारी दी गई।
योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को समय पर दें लाभ
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को शासन की सभी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को समय सीमा में लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
कार्यालयों से निकलकर लोगों के बीच पहुंच रहे अधिकारी
गौरतलब है कि प्रदेशवासियों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाकर परेशान न होना पड़े, इसलिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अति महत्वाकांक्षी जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके तहत सप्ताह में एक दिन, प्रत्येक शुक्रवार को विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों के वातानुकूलित कक्ष से निकलकर लोगों के बीच पहुंचना है। अधिकारियों को लोगों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके सार्थक परिणाम भी दिखाई देने लगे हैं।


















