खिलचीपुर: प्रधानमंत्री आवास के नाम पर रोजगार सहायक ने मांगी रिश्वत! ग्रामीणों ने जनपद सीईओ से की शिकायत

खिलचीपुर। ग्रामीणों और सरपंच की शिकायत पर प्रियव्रत सिंह ने मौके से ही जनपद सीईओ आशीष जोशी को फोन कर मामले में कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण जनपद सीईओ के कार्यालय में आकर बैठ जाएंगे। सीईओ ने रोजगार सहायक के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
आवास सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
ग्राम पंचायत अभयपुर के रोजगार सहायक विनोद गौड़ पर प्रधानमंत्री आवास के सत्यापन को लेकर रिश्वत मांगने का आरोप ग्रामीणों और सरपंच जगदीश तोमर ने लगाया है। इस संबंध में पंचायत के लेटर पैड पर लिखित शिकायत जनपद सीईओ आशीष जोशी खिलचीपुर को की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण पूर्व ऊर्जा मंत्री के पास पहुंचे।
ये भी पढ़ें: मंडला के ऐतिहासिक फोर्ट घाट पर अतिक्रमण का मामला, हाईकोर्ट ने ASI को पक्षकार बनाने के दिए निर्देश
सरपंच और ग्रामीण पहुंचे पूर्व ऊर्जा मंत्री के पास
ग्रामीणों सहित पंचायत अभयपुर के सरपंच जगदीश तोमर ने रोजगार सहायक द्वारा की जा रही कथित रिश्वत की मांग को लेकर पूर्व ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह से शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि आवास सत्यापन के नाम पर रुपए की मांग की जा रही है और सत्यापन नहीं किया जा रहा है।
प्रियव्रत सिंह ने सीईओ को किया फोन
शिकायत सुनने के बाद प्रियव्रत सिंह ने मौके पर ही जनपद सीईओ आशीष जोशी को फोन किया। उन्होंने कहा कि रोजगार सहायक विनोद गौड़ आवास सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांग रहा है और एक महीने से सत्यापन नहीं कर रहा है। उन्होंने कार्रवाई की बात कहते हुए कहा कि अन्यथा ग्रामीण आपके कार्यालय में आकर बैठ जाएंगे।
सरकारी योजनाओं में घालमेल का भी आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में रोजगार सहायक विनोद गौड़ सरकारी योजनाओं में घोटाला कर रहा है और लोगों से रुपए लेकर उन्हें आवास उपलब्ध करा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रोजगार सहायक फोन नहीं उठाता है और ग्राम पंचायत में भी नहीं आता है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सस्पेंड CSP नेहा पच्चीसिया की याचिका पर फैसला सुरक्षित
जांच के बाद जिला पंचायत भेजा जाएगा प्रतिवेदन
जनपद सीईओ आशीष जोशी ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन बनाकर जिला पंचायत भेजा जाएगा। ग्रामीणों में जगदीश चारण, दिलीप, दिनेश, प्रहलाद, नारायण, कैलाश, श्याम सिंह, रामनारायण, प्रेम सिंह और भारत सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।




















