MP Weather Update :MP में कड़ाके ठंड, भोपाल और इंदौर में पारा 7°C से नीचे

भोपाल। मध्य प्रदेश इस समय कड़क ठंड की चपेट में है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान लगातार गिर रहा है और सर्दी ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इंदौर में बीती रात न्यूनतम तापमान 5.9°C दर्ज हुआ, जो पिछले दस साल की सबसे ठंडी रात थी। खास बात यह है कि इंदौर का तापमान इस बार पचमढ़ी के बराबर ठंडा रहा। राजधानी भोपाल में भी पारा 7°C से नीचे गया।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी और जेट स्ट्रीम की सक्रियता इस बार ठंड बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रही है। जेट स्ट्रीम लगभग 12.6 KM की ऊंचाई पर 200+ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही है। पहाड़ी राज्यों से आने वाली बर्फीली हवाओं और इस ऊंची हवा के मिलने से MP में तापमान काफी कम हो गया।

भोपाल, इंदौर, राजगढ़, सीहोर और शाजापुर में दिनभर तेज सर्द हवाएं चलीं। 6 दिन लगातार शीतलहर के बाद गुरुवार को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को फिर से ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटने पर मजबूर कर दिया।
अगले तीन दिनों का मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन प्रदेश में शीतलहर का औपचारिक अलर्ट नहीं है। फिर भी, रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। दिन का तापमान हल्की बढ़ोतरी के संकेत दे सकता है, लेकिन रातें अभी भी बेहद ठंडी बनी रहेंगी। दिसंबर और जनवरी मध्य प्रदेश में सबसे ठंड के महीने माने जाते हैं। इस दौरान उत्तरी हवाएं और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिन-रात तापमान में गिरावट रहती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिसंबर में प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड वेव के कारण सर्द हवाएं चल सकती हैं। ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के शहरों में कड़क ठंड पड़ेगी। भोपाल संभाग के सीहोर और विदिशा में सर्दी का जोर रहेगा। सागर संभाग के निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना, रीवा संभाग के मऊगंज, सीधी-सिंगरौली में तेज ठंड रहेगी। मंडला और डिंडौरी, इंदौर, धार और झाबुआ में भी सर्दी का असर बढ़ा रहेगा।

प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान
| शहर | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| इंदौर | 5.9 |
| भोपाल | 6.4 |
| ग्वालियर | 9.9 |
| उज्जैन | 9.2 |
| जबलपुर | 8.4 |
| राजगढ़ | 5.4 |
| नौगांव | 6.4 |
| शिवपुरी | 8.0 |
| रीवा | 7.0 |
| मंडला | 7.6 |
रिकॉर्ड तोड़ती ठंड
इस बार नवंबर और दिसंबर में ठंड ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। इंदौर में पिछले दस साल में सबसे सर्द रात दर्ज हुई, वहीं भोपाल में नवंबर की सर्दी का 84 साल का रिकॉर्ड टूट चुका है। इंदौर में दिसंबर की ठंडी रातों का रिकॉर्ड भी टूट गया। पिछले साल इंदौर में न्यूनतम तापमान 8.6°C तक गिरा था, जबकि इस बार 5.9°C दर्ज हुआ।




















