सिवनी में बारिश के बीच सड़क हादसा :ट्रक से टकराने के बाद बस ने कार को भी मारी टक्कर, 12 से ज्यादा घायल

सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बंडोल थाना क्षेत्र के पूजा ढाबा के पास तेज बारिश के दौरान एक यात्री बस पहले ट्रक से टकरा गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर एक कार से भी जा भिड़ी।
हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। वहीं कार में बैठे चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कम दृश्यता बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिससे बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के कई शीशे टूट गए।
टूटे शीशों से घायल हुए यात्री
बस के सामने और साइड के शीशे चकनाचूर हो गए। टूटे हुए कांच के कारण कई यात्रियों के हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद यात्री घबराकर बस से बाहर निकल आए।
ट्रक से टकराने के बाद कार को भी लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, ट्रक से टकराने के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस ने पास से गुजर रही एक कार को भी टक्कर मार दी। हालांकि कार सवार चारों लोगों को केवल मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने यातायात को सुचारू कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारिश में सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश के कारण हाईवे पर फिसलन और कम दृश्यता की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने और रफ्तार नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।











