हरसूद में बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

हरसूद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। संत बुखारदास बाबा मंढी से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्वामी विवेकानंद चौराहे पहुंची। स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। 10 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
हरसूद में रिमझिम बारिश के बीच निकली भव्य तिरंगा यात्रा

हरसूद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर परिषद की ओर से आयोजित इस यात्रा में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

/img/15/1786536604075

यात्रा के दौरान ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’, ‘ऐ वतन ऐ वतन’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और नगर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।

संत बुखारदास बाबा मंढी से शुरू हुई यात्रा

तिरंगा यात्रा सुबह 11 बजे संत बुखारदास बाबा मंढी से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा महाराणा प्रताप चौक, श्रीराम चौराहा और बाजार क्षेत्र से होते हुए स्वामी विवेकानंद चौराहे तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए और राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

राष्ट्रप्रेम और एकता का दिया संदेश

यात्रा से पहले एसडीएम आरसी खतेड़िया ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देश में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं के माध्यम से लोगों तक राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।

Breaking News

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

तिरंगा यात्रा स्वामी विवेकानंद चौराहे पर पहुंची, जहां राष्ट्रगान के बाद यात्रा का समापन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम आरसी खतेड़िया, एसडीओपी लोकेंद्र सिंह ठाकुर, तहसीलदार संगीता मेहता, सीएमओ नृपत सिंह, बीआरसी तरुण झिझौरे, एमपीईबी से मनोज बौरासी, नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश वर्मा, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष अशनी शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

/img/15/1786536633925

10 से 17 अगस्त तक होंगे अलग-अलग आयोजन

सीएमओ नृपत सिंह ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 10 से 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बुधवार: स्कूलों में कला प्रदर्शनी और रंगोली प्रतियोगिता।

गुरुवार: सुबह 9 बजे बाइक रैली।

शुक्रवार: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस।

शनिवार: मानव श्रृंखला और पौधारोपण कार्यक्रम।

रविवार: प्रमुख चौराहों पर स्वच्छता अभियान को लेकर नुक्कड़ नाटक।

सोमवार: समापन अवसर पर सभी विद्यालयों में तिरंगा संगीत कार्यक्रम।

इन आयोजनों के जरिए लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur

Latest Posts