PU Special :ग्वालियर में पुराने प्लेन हादसे से सबक-पहली बार मप्र सरकार कराएगी अपने नए जेट का इंश्योरेंस

मध्यप्रदेश सरकार अपने चैलेंजर 3500 जेट का बीमा कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए निजी बीमा कंपनियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। बीमा में विमान, पायलट, यात्रियों और अन्य जोखिमों को शामिल करने की योजना है। वहीं, दिसंबर में फ्रांस में तैयार हो रहा एयरबस हेलिकॉप्टर भी प्रदेश आने की संभावना है। सरकार नए हेलिकॉप्टर का भी बीमा कराएगी।
ग्वालियर में पुराने प्लेन हादसे से सबक-पहली बार मप्र सरकार कराएगी अपने नए जेट का इंश्योरेंस
फाइल फोटो

अशोक गौतम,भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार अपने नए चैलेंजर 3500 जेट का बीमा कराने जा रही है। इसके लिए निजी बीमा कंपनियों से ऑफर बुलाए गए हैं। यह पहली बार है जब सरकार अपने प्लेन का इंश्योरेंस करा रही है। सरकार ऐसी कंपनी को बीमा का जिम्मा सौंपेगी, जो कम प्रीमियम पर अधिक जोखिमों को कवर करे। विमान का बीमा मूल्य 268 करोड़ रुपए रखा गया है। इसमें पायलटों और यात्रियों सहित विमान से जुड़े विभिन्न जोखिमों को शामिल किया जाएगा। युद्ध और विमान हाईजैक होने जैसी परिस्थितियों में भी बीमा सुरक्षा देने का प्रावधान रखा गया है। यात्रियों, चालक दल, उनके सामान और तृतीय पक्ष के लिए चार करोड़ रुपए तक का बीमा कवर भी प्रस्तावित है। प्रीमियम के लिए कंपनियों से बात चल रही है।

2020 में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था ग्वालियर में प्लेन हादसा

सरकार का यह कदम वर्ष 2020 में 65 करोड़ रुपए में खरीदे गए प्लेन के हादसे के बाद उठाया जा रहा है। हादसे के करीब आठ महीने बाद प्लेन कबाड़ हो गया था। नए विमान का बीमा कराकर सरकार बड़े आर्थिक नुकसान के जोखिम को कम करना चाहती है। फिलहाल चैलेंजर 3500 जेट भोपाल के स्टेट हैंगर में खड़ा है। उसके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। इसमें करीब 45 दिन लगने का अनुमान है। पंजीयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान के उड़ान शुरू करने की उम्मीद है।

चैलेंजर 3500 की ये हैं विशेषताएं 

  • बैठक क्षमता- एट प्लस टू सीटर यह जेट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।
  • इंजन - हनीवेल एचटीएफ 7350
  • वजन - 18416 किलोग्राम
  • उड़ान - एक बार ईंधन भरने पर अधिकतम करीब 6,297 किमी
  • कीमत - 2,78,18,308 अमेरिकी डॉलर

ये भी पढ़ें: मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले : बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 विमान खरीदेगी सरकार, नर्मदा नदी पर 9271 करोड़ के सात प्रोजेक्ट मंजूर

दिसम्बर में आएगा नया हेलिकॉप्टर 

सरकार का नया हेलिकॉप्टर भी दिसम्बर में मध्यप्रदेश आने की तैयारी में है। सरकार उसका भी बीमा कराएगी। यह एयरबस का हेलिकॉप्टर है, जिसे फ्रांस में तैयार किया जा रहा है। इस उड़ाने लिए सरकार के पायलट आदेश राय और संजय श्रीवास्तव को फ्रांस में प्रशिक्षण दिलाया गया है। हेलिकॉप्टर की कीमत करीब 140 करोड़ रुपए बताई गई है, जबकि टैक्स और अन्य खर्च जोड़कर इसकी कुल लागत करीब 200 करोड़ रुपए आंकी गई है।

ये भी पढ़ें: PU Special : एमपी सरकार का 325 करोड़ का जेट चैलेंजर दशहरे तक भोपाल पहुंचेगा, नवंबर से उड़ान की तैयारी

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts