Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष का फैसला नए साल में होगा

दिसंबर अंत तक चलेंगे मंडल-जिलों के निर्वाचन, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुलाई बैठक
Follow on Google News
मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष का फैसला नए साल में होगा

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष का निर्वाचन नए साल में होने की संभावना बन गई है। मप्र सहित अन्य सभी राज्यों में भी मंडल और जिला अध्यक्षों के चुनाव कार्यक्रम का इंतजार हो रहा है। 22 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने पदाधिकारियों सहित सभी राज्यों के अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। दिसंबर का महीना मंडल और जिलों के गठन में निकल जाएगा। इसलिए प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन जनवरी में ही होने के प्रबल आसार बन गए हैं। भाजपा हाईकमान 23 नवंबर को झारखंड और महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे आने के बाद संगठन के निर्वाचन में जुट जाएगा। इस संदर्भ में 22 को बैठक बुलाई गई है। 21 नवंबर को भोपाल में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी बैठक बुलाई है।

ये हो सकते हैं संभावित नाम

भाजपा के मप्र प्रदेशाध्यक्ष के लिए कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सांसद आलोक शर्मा दावेदार हो सकते हैं। इसके अलावा महिला नेत्रियों में कविता पाटीदार, रीति पाठक और उषा ठाकुर भी दावेदार हो सकती हैं।

नड्डा-शाह रहेंगे बैठक में

दिल्ली बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। साथ ही संगठन चुनाव के लिए नियुक्त राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी लक्ष्मण और तीनों सह चुनाव अधिकारी सहित प्रदेशों में नियुक्त किए गए प्रदेश चुनाव अधिकारी और सह अधिकारियों को भी बुलाया गया है। सक्रिय सदस्यता प्रमुखों को भी बुलाया गया है।

मंडल स्तर पर हो रही वर्कशॉप

बूथ समितियों का गठन भी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपे कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है। 20 नवंबर इनके गठन का समय दिया गया है। इसमें बूथ अध्यक्ष सहित 11 सदस्यीय समिति का निर्वाचन किया जा रहा है। इसके लिए मंडल और जिलों के अधिकारी सभी जगह जाकर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की वर्कशाप भी ले रहे हैं।

दिल्ली की बैठक में होगा अगले कार्यक्रम का निर्णय

बूथ स्तरीय समितियों का गठन 20 नवंबर तक हो जाएगा। मंडल और जिलों के निर्वाचन का कार्यक्रम दिल्ली से जारी होगा। संभावना है कि 22 नवंबर की बैठक में चुनाव का कार्यक्रम जारी हो जाएगा। दिसंबर में दोनों इकाइयां गठित होंगी। - विवेक शेजवलकर, चुनाव अधिकारी मप्र भाजपा.

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts