बैतूल में रफ्तार का कहर :सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, इंदौर से लौटी युवती को लेने पहुंचे थे दोस्त

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, भीमपुर विकासखंड के खारीढाना गांव निवासी आंचल सेन (25) इंदौर में निजी नौकरी करती थीं। मंगलवार तड़के वह इंदौर से लौटकर फोरलेन स्थित टाहली जोड़ पर उतरी थीं। घर जाने के लिए उन्होंने अपनी सहेली खुशी पंडग्रे (22) को फोन कर बुलाया था।
सहेली और भांजा लेने पहुंचे थे
खुशी पंडग्रे महदगांव क्षेत्र की रहने वाली थीं और कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा थीं। वह अपने भांजे कपिल बारस्कर (18) के साथ बाइक से आंचल को लेने टाहली जोड़ पहुंची थीं। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से गांव की ओर रवाना हुए।
दनोरा-कुमली (टाहली जोड़) के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार टवेरा वाहन ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
युवक की मौके पर मौत, दो युवतियों ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में कपिल बारस्कर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल आंचल सेन और खुशी पंडग्रे को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान दोनों युवतियों की भी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव
मंगलवार को आंचल सेन और खुशी पंडग्रे के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। वहीं, कपिल बारस्कर का पोस्टमार्टम चिचोली में हुआ। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
ताप्ती घाट पर अंतिम संस्कार
कपिल बारस्कर और खुशी पंडग्रे का अंतिम संस्कार ताप्ती घाट पर किया गया। वहीं, आंचल सेन का शव उनके पैतृक गांव खारीढाना ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शामिल हुए।
चिचोली पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल टवेरा वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।











