दिवाली स्पेशल: दीपक बेचने वाले परिवारों की दिवाली रोशन करेगा मां सीता प्रसाद रोटी ग्रुप; देंगे भोजन और नए कपड़े

जितेंद्र चंद्रवंशी, जबलपुर। दीपावली पर हर घर रोशनी से जगमगाता है, लेकिन इसी रोशनी के लिए सड़क किनारे मिट्टी के दीपक और खिलौने बेचने वाले कई परिवार ऐसे भी हैं, जिनके बच्चों की खुशियां अक्सर रोजी-रोटी की चिंता में पीछे छूट जाती हैं।
इस बार मां सीता प्रसाद रोटी ग्रुप इन परिवारों की दीपावली को यादगार बनाने की पहल कर रहा है। ग्रुप के सदस्य जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार मनाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरेंगे।
ग्रुप के विजय यादव ने बताया कि दीपावली के अवसर पर शहर में दूर-दराज से आने वाले ऐसे परिवारों को धनतेरस, नरक चतुर्दशी और दीपावली पर भोजन प्रसाद वितरित किया जाएगा, जो पांच-छह दिनों तक सड़क किनारे रहकर मिट्टी के दीपक और खिलौने बेचते हैं। ये परिवार दूसरों के घरों को रोशन करने के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन त्योहार के दिन भी रोजी-रोटी जुटाने में व्यस्त रहते हैं।
जबलपुर में प्रदेश का पहला संभागीय उच्च शिक्षा कार्यालय तैयार, 5.40 करोड़ रुपए से बना भवन
नए कपड़े पहनकर त्योहार मनाएंगे बच्चे
इस पहल के तहत भोजन के साथ प्रत्येक परिवार को पूजन सामग्री की किट भी दी जाएगी, ताकि वे जहां रह रहे हैं, वहीं दीपावली पर पूजा-अर्चना कर सकें। सिद्धार्थ गोलछा के सहयोग से इन परिवारों के छोटे बच्चों को नए वस्त्र भी दिए जाएंगे। इससे बच्चे भी नए कपड़े पहनकर दीपावली की खुशियों में शामिल हो सकेंगे।
दमोह की जलधारा से गुलजार होता है जबलपुर का निदान फॉल, प्राकृतिक खूबसूरती देख रह जाएंगे हैरान
प्रतिदिन 54 जरूरतमंदों को भोजन देता है ग्रुप
मां सीता प्रसाद रोटी ग्रुप की ओर से प्रतिदिन 54 जरूरतमंदों को भोजन प्रसाद की थालियां वितरित की जाती हैं। दीपावली पर यह सेवा विशेष रूप से उन परिवारों के लिए होगी, जो त्योहार के दिनों में अपने घरों से दूर शहर में रहते हैं।
इस सेवा कार्य में अशोक मक्कड़, सिद्धार्थ गोलछा, मोहित ठाकुर, प्रदीप चौहान, विजय भारद्वाज, शैलेश मिश्रा, संजय साहू, अनिल मिश्रा और राहुल केसरवानी सहित अनेक समाजसेवी सहयोग कर रहे हैं।




















