लखनऊ : लैंडिंग के दौरान पहिए से निकली चिंगारी और धुआं, फायर टीम ने किया कंट्रोल, बड़ा हादसा होने से टला

पायलट ने तुरंत विमान रोक दिया
घटना रविवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। रनवे पर लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी वाम (बाएं) पहिए में तकनीकी खराबी आने से उसमें से तेज चिंगारी और धुआं निकलने लगा। हादसे की आशंका को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचना दी।फायर टीम ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की फायर सेफ्टी टीम मौके पर पहुंची और फोम और पानी का छिड़काव कर आगजनी की स्थिति पर काबू पाया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद हालात नियंत्रण में आ गए। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी यात्री विमान में ही मौजूद थे, लेकिन घबराहट का माहौल बन गया था।
बाद में विमान को पुश बैक कर टैक्सी-वे पर लाया गया, जहां से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची और सभी को सुरक्षित टर्मिनल पर पहुंचा दिया गया।
हाइड्रोलिक सिस्टम में लीकेज की आशंका
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, यह तकनीकी गड़बड़ी विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक आए लीकेज के कारण हुई, जिससे पायलट साइड के पहिए में घर्षण के कारण चिंगारी और धुआं हुआ। विमान की तकनीकी जांच में इंजीनियरों की एक टीम जुटी हुई है।
घटना का वीडियो आया सामने
इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें विमान के पहिए से उठते धुएं और फायर टीम की कार्रवाई को देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया है और लोग एयरपोर्ट स्टाफ की तेजतर्रार कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- कांग्रेस अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, तलवार-लाठियों से लैस हमलावरों ने कार में की तोड़फोड़





















