‘लिटिल थॉमस’ को मिला UA 7+ सर्टिफिकेट, 23 अक्टूबर को होगी रिलीज

गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल की फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से UA 7+ सर्टिफिकेट मिल गया है। निर्माताओं के मुताबिक, यह कॉमेडी-ड्रामा बच्चों और परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। फिल्म की कहानी बचपन की मासूमियत और पारिवारिक रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है।
1990 के दशक के गोवा में बुनी गई कहानी
‘लिटिल थॉमस’ की कहानी 1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में सात साल के थॉमस की भूमिका हृदांश पारेख ने निभाई है। थॉमस अपने लिए एक छोटा भाई चाहता है और इसके लिए वह अपने माता-पिता के बीच चल रहे झगड़ों को खत्म कराने की कोशिश करता है। थॉमस के माता-पिता की भूमिका गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल ने निभाई है। फिल्म में कॉमेडी के साथ पारिवारिक रिश्तों और बचपन की भावनाओं को दिखाया गया है।
निर्माता बोले- पूरे परिवार के लिए है फिल्म
फिल्म को UA 7+ सर्टिफिकेट मिलने पर निर्माता रंजन सिंह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म को पूरी सावधानी और ईमानदारी के साथ बनाया गया है। उन्हें उम्मीद है कि छुट्टियों के दौरान परिवार के सभी सदस्य इसे साथ बैठकर देख सकेंगे और इसका आनंद उठाएंगे।
कौशल ओझा ने किया निर्देशन
‘लिटिल थॉमस’ की कहानी लिखने के साथ-साथ इसका निर्देशन कौशल ओझा ने किया है। फिल्म का संगीत शैलेन्द्र बर्वे ने तैयार किया है। इस फिल्म का निर्माण ल्यूमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, गुड बैड फिल्म्स और फ्लिप फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता अनुष्का शाह, रजनिकांत ओझा, चारु ओझा, रंजन सिंह, अनुराग कश्यप, अक्षय ठक्कर और कबीर आहूजा हैं। फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




















