दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर ब्रेक! टिकट बुक करने वालों के लिए जरूरी अपडेट

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर 2026 को होने वाले उनके कॉन्सर्ट पर संकट मंडरा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी इनपुट और कानून-व्यवस्था की चिंताओं का हवाला देते हुए शो के आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ऐसे में अब कॉन्सर्ट रद्द होने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, आयोजकों की ओर से इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दिल्ली पुलिस ने क्यों नहीं दी अनुमति?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त के कार्यालय ने BookMyShow को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति देने से इनकार किया है। पत्र में सुरक्षा संबंधी खतरों के इनपुट, त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों और अन्य सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह अनुरोध दिलजीत दोसांझ के 'Aura India Tour Delhi' के तहत 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कॉन्सर्ट आयोजित करने के लिए किया गया था। पुलिस ने इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन की मंजूरी नहीं दी।
पहले 1 नवंबर को होना था कॉन्सर्ट
जानकारी के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाला था। बाद में इसकी तारीख बदलकर 30 अक्टूबर कर दी गई। लेकिन अब सुरक्षा संबंधी कारणों के चलते आयोजन पर अनिश्चितता बनी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कॉन्सर्ट के लिए कोई दूसरी तारीख तय की जाएगी या इसे किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा।
टिकट बुक करने वालों को क्या करना चाहिए?
जिन लोगों ने इस कॉन्सर्ट के टिकट बुक किए हैं, वे BookMyShow के माध्यम से आयोजन से जुड़े आधिकारिक अपडेट और रिफंड संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, शो रद्द होने या टिकट रिफंड की प्रक्रिया को लेकर आयोजकों की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में टिकट धारकों को आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए।
2024 में दिल्ली में उमड़ी थी फैंस की भीड़
दिलजीत दोसांझ ने 2024 में भी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कॉन्सर्ट किया था। उस दौरान बड़ी संख्या में फैंस उन्हें सुनने पहुंचे थे। दर्शकों की भारी मांग के चलते एक अतिरिक्त शो भी आयोजित किया गया था। अब 2026 के कॉन्सर्ट को लेकर अनुमति नहीं मिलने की खबरों ने फैंस के बीच असमंजस बढ़ा दिया है। सभी की नजरें आयोजकों की अगली घोषणा पर टिकी हैं।




















