Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में दिनदहाड़े फायरिंग : शराब कंपनी के मुनीम को बदमाशों ने घेरकर मारी गोली, इलाके में फैली दहशत

Follow on Google News
गुना में दिनदहाड़े फायरिंग : शराब कंपनी के मुनीम को बदमाशों ने घेरकर मारी गोली, इलाके में फैली दहशत
गुना। शहर में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब फुलवारी कॉलोनी निवासी एक शराब कंपनी के मुनीम पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे पहले डंडों से पीटा और फिर पिस्टल से गोली मार दी। घटना शहर की सबसे व्यस्त सडक़ों में से एक साईं मंदिर क्षेत्र में हुई, जहां सुबह करीब 11:30 बजे यह वारदात हुई। घायल मुनीम और उसके साथी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बाइक पर सवार 8 बदमाशों ने घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल मुनीम कमलेश शिवहरे प्रेम नगर ग्रुप नामक शराब कंपनी में काम करता है। वह गुना जिले के हिलगना क्षेत्र में स्थित वाइन शॉप सहित कई दुकानों से कलेक्शन और संचालन का काम संभालता है। बुधवार सुबह वह अपने साथी हरदीप सरदार के साथ बाइक से हिलगना की तरफ से शहर आ रहा था। इसी दौरान साईं मंदिर के पास अचानक तीन-चार बाइक पर सवार 8 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

लाठी और डंडों से किया हमला, फिर गोली चलाई

कमलेश ने बताया कि बदमाशों ने पहले उनकी बाइक को रोकने के लिए अपनी गाड़ी आड़े में लगा दी, फिर बिना कुछ कहे उन पर लाठी और डंडों से हमला बोल दिया। इससे वे बाइक से गिर गए और पीछे बैठा साथी डर के मारे मौके से भाग निकला। इसके बाद एक हमलावर ने कट्टे से गोली चलाई, लेकिन वह मिस हो गई। फिर उन्होंने कमलेश को जमीन पर गिराकर उसके पैर पर पैर रखकर उसकी जांघ में गोली मार दी। घटना के बाद घायल कमलेश ने किसी तरह खुद को संभालते हुए अपने साथियों को सूचना दी, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया और बताया कि गोली जांघ को छूकर निकल गई है, जिससे जीवन को कोई बड़ा खतरा नहीं है।

हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज

कमलेश ने पुलिस को बताया कि हमलावर पारदी समुदाय से हैं, जो अवैध गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। उन्होंने शक जताया कि उनके वाइन शॉप से जुड़े काम या पूर्व में पुलिस के साथ उनके गांव में हुई कार्यवाही के चलते यह हमला किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही केंट थाना प्रभारी टीआई अनूप भार्गव मौके पर पहुंचे और अस्पताल में घायल से बयान लिए। उन्होंने बताया कि पीड़ित की हालत फिलहाल स्थिर है और पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। (इनपुट- राजकुमार रजक) ये भी पढ़ें- Guna News : बीजी रोड स्थित वीरेंद्र नगर में नकाबपोश बदमाशों ने सूने घर को बनाया निशाना, जेवर-नकदी और कपड़ों से भरे गोदाम की बड़ी सेंधमारी
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts