Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा :ट्रक-मैजिक की भीषण टक्कर में 9 मजदूरों की मौत, कई घायल; CM योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में NH-730 पर ट्रक और मैजिक वाहन की भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। हादसा इतना दर्दनाक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया है।
ट्रक-मैजिक की भीषण टक्कर में 9 मजदूरों की मौत, कई घायल; CM योगी ने जताया दुख
यूपी के लखीमपुर में सड़क हादसे में 9 की मौत।

लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईसानगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर तेज रफ्तार ट्रक और मजदूरों से भरी टाटा मैजिक वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि, मौके पर ही 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए। 

मजदूरी के लिए जा रहे थे सभी यात्री

जानकारी के मुताबिक, मैजिक वाहन में करीब 10 से 12 लोग सवार थे। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। सभी मजदूरी का काम करते थे और लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बहराइच की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और सामने से मैजिक में जा घुसा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए। कई लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे।

यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर ऊंचगांव भरेहटा रोड और अदलीसपुर गांव के पास हुआ। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

Featured News

सड़क पर बिखरा खून, मच गई चीख-पुकार

हादसे के बाद घटनास्थल पर दिल दहला देने वाला मंजर दिखाई दिया। सड़क पर खून फैला हुआ था और घायल दर्द से कराह रहे थे। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन की ओर से हादसे में मरने वालों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Twitter Post

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई ताकि हाईवे पर यातायात दोबारा शुरू कराया जा सके। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचना देने का काम जारी है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts