कुशीनगर :सामाजिक बंदिशों में दम तोड़ गया प्यार, एक ही दुपट्टे से फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मृतका का आधार कार्ड और 200 रुपये नकद मिले हैं। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
सामाजिक बंदिशों में दम तोड़ गया प्यार, एक ही दुपट्टे से फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी
विजातीय प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी के शव लिची के पेड़ पर मिले

कुशीनगर। सामाजिक बंदिशों और पारिवारिक तनाव के बीच कुशीनगर में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के जिंदा छपरा गांव में विजातीय प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी के शव घर से कुछ दूरी पर लीची के पेड़ से एक ही दुपट्टे के फंदे पर लटके मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो साल पहले शुरू हुई थी प्रेम कहानी

मृतक रितेश कुमार (22) अनुसूचित जाति से थे और गांव में सरकारी पहलवान के नाम से जाने जाते थे। उन्हें बचपन से कुश्ती का शौक था और ग्रामीण प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे। करीब दो साल पहले खड्डा के एक निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात पूजा से हुई। दोनों साथ पढ़ते थे और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। बालिग होने के बाद दोनों ने छह महीने पहले घर छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली थी।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने पूछा- पैलेट गन किससे पूछकर चलाई! BJP का जवाब- गोली नहीं चली, नेता प्रतिपक्ष हमेशा 2 विक्टिम कॉर्ड से खेलते हैं

शादी के बाद भी बना रहा विरोध

शादी के बाद दोनों वापस गांव लौट आए। शुरुआत में परिवारों की ओर से विरोध हुआ, लेकिन बाद में रितेश के परिवार ने दोनों को स्वीकार कर लिया। हालांकि, पूजा के मायके की ओर से विजातीय विवाह को लेकर नाराजगी बनी रही। बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले पूजा मायके गई थी, जहां उसे जाति का हवाला देकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच इस बात को लेकर तनाव बढ़ गया।

घर से निकले, फिर पेड़ पर मिले दोनों के शव

बुधवार को भी दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद वे घर से निकल गए। करीब दो घंटे बाद गांव के लोगों ने घर से कुछ दूरी पर लीची के पेड़ से दोनों के शव एक ही दुपट्टे के सहारे लटके हुए देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

Featured News

परिजनों ने लगाए अलग-अलग आरोप

रितेश की मां का कहना है कि उन्होंने दोनों के रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन पूजा के परिवार वाले जाति को लेकर ताने देते थे और परेशान करते थे। उनका आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया होगा।

वहीं, पूजा की मां ने दावा किया कि घटना वाले दिन बेटी का पहली बार फोन आया था। वह रो रही थी और ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगा रही थी। इसके कुछ देर बाद फोन कट गया और फिर संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मृतका का आधार कार्ड और 200 रुपये नकद मिले हैं। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

Aakash Waghmare
By Aakash Waghmare

आकाश वाघमारे | MCU, भोपाल से स्नातक और फिर मास्टर्स | मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर के तौर पर 3 वर्षों का क...Read More

Latest Posts