PlayBreaking News

सीहोर : कुबेरेश्वरधाम में आस्था का महासागर...दूसरे दिन 2 लाख श्रद्धालु पहुंचे, 200 क्विंटल फलहारी खिचड़ी वितरित

सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शिव महापुराण का श्रवण किया। देवशयनी एकादशी पर 200 क्विंटल फलहारी खिचड़ी, 60 क्विंटल खीर का वितरण किया गया।
Follow on Google News
सीहोर। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन कुबेरेश्वरधाम की कथा में पंडित प्रदीप मिश्रा।

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र कुबेरेश्वरधाम में आयोजित छह दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे धाम में दिनभर हर-हर महादेव और श्री शिवाय नमस्तुभ्यं के जयघोष गूंजते रहे। देवशयनी एकादशी के अवसर पर विठलेश सेवा समिति द्वारा विशाल फलाहार प्रसादी का आयोजन भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से धाम में दिखा आस्था का विराट स्वरूप

शनिवार सुबह से ही कुबेरेश्वरधाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मध्यप्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, दिल्ली और अन्य राज्यों से हजारों वाहन तथा विशेष ट्रेनों के माध्यम से श्रद्धालु धाम पहुंचे। कथा पंडाल पूरी तरह श्रद्धालुओं से भर गया, जबकि परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करते दिखाई दिए। हर ओर शिवभक्ति का वातावरण बना रहा।

देवशयनी एकादशी पर विशाल फलाहार प्रसादी का आयोजन

देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर विठलेश सेवा समिति ने लाखों श्रद्धालुओं के लिए भव्य फलाहार प्रसादी की व्यवस्था की। समिति के हजारों सेवादार पूरे दिन सेवा कार्य में जुटे रहे। श्रद्धालुओं के बीच लगभग 200 क्विंटल फलहारी खिचड़ी, 60 क्विंटल खीर तथा 50 क्विंटल से अधिक फलहारी मिक्चर का वितरण किया गया। प्रसादी वितरण व्यवस्था इतनी सुव्यवस्थित रही कि लाखों श्रद्धालुओं ने बिना किसी असुविधा के प्रसाद ग्रहण किया।

ये भी पढ़ें: गोविंद नारायण सिंह जयंती : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया नमन, कहा- सेवा और नैतिकता का जीवन आज भी प्रेरणा

अच्छा सलाहकार ही मंजिल तक पहुंचाता है : पंडित प्रदीप मिश्रा

शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को जीवन प्रबंधन का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि अच्छा सलाहकार ही व्यक्ति को उसकी मंजिल तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में सही मार्गदर्शन देने वाले बहुत कम लोग मिलते हैं, इसलिए माता-पिता, बुजुर्गों, संतों और गुरु के वचनों का सम्मान करते हुए उनका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा रखने और सदाचारपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया।

Featured News

'श्री शिवाय नमस्तुभ्यं' मंत्र के जाप का बताया महत्व

कथा के दौरान पंडित मिश्रा ने कहा कि 'श्री शिवाय नमस्तुभ्यं' मंत्र का श्रद्धा और विश्वास के साथ जाप करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि यह मंत्र जीवन में धन, वैभव, सुख और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान शिव का निरंतर स्मरण करने और सेवा भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।

जीवन के लिए दिए तीन सरल लेकिन महत्वपूर्ण संदेश 

पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को जीवन में तीन कार्य नियमित रूप से करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन भगवान शिव को एक लोटा जल अवश्य अर्पित करें। भगवान पर अर्पित जल का आचमन करें, जिससे रोगों से मुक्ति की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही रवि प्रदोष के दिन बेलपत्र का पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें, जिससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राणी में ईश्वर का वास है, इसलिए सभी के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का भाव रखना चाहिए।

ये भी पढ़ें: Dharmendra Pradhan Resignation: सोनम वांगचुक बोले- यह लोकतंत्र की जीत, अब शिक्षा व्यवस्था में सुधार का वक्त

श्रद्धालुओं के पत्र पढ़कर दिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन

कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने देशभर से आए श्रद्धालुओं द्वारा भेजे गए अनेक पत्रों का वाचन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक संदेश साझा किए। इस दौरान श्रद्धालु भावुक होकर कथा का रसपान करते रहे।

प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान मध्यप्रदेश शासन की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा से आशीर्वाद प्राप्त किया और आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

29 जुलाई को होगा भव्य गुरु दीक्षा महोत्सव

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित 'मामा' ने बताया कि 29 जुलाई को भव्य गुरु दीक्षा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 28 जुलाई को शिव महापुराण कथा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के शेष दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Breaking News

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीहोर स्टेशन पर 10 जोड़ी ट्रेनों का विशेष ठहराव

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सीहोर रेलवे स्टेशन पर 10 जोड़ी एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों का अस्थायी ठहराव शुरू किया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई तक प्रभावी रहेगी। इससे अब सीहोर स्टेशन पर दो दर्जन से अधिक ट्रेनों का ठहराव उपलब्ध हो गया है। रेलवे के इस निर्णय से दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है और आयोजन समिति ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सेवा, श्रद्धा और भक्ति का बना अनुपम संगम

कुबेरेश्वरधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का दूसरा दिन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का भी अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और हजारों सेवादारों ने नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts