Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कोलकाता : लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार; वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप

Follow on Google News
कोलकाता : लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप, 3 आरोपी गिरफ्तार; वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप

कोलकाता के साउथ लॉ कॉलेज में एक महिला छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना कॉलेज परिसर के ग्राउंड फ्लोर स्थित एक गार्ड रूम में 25 जून की शाम 7:30 से रात 10 बजे के बीच हुई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने वीडियो बनाकर उसे धमकाया कि अगर उसने किसी से कुछ कहा तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।

आरोपियों में दो छात्र और एक पूर्व छात्र शामिल

पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मनोजीत मिश्रा (31), जैब अहमद (19), प्रमित मुखर्जी (20) शामिल हैं। मनोजीत कॉलेज का पूर्व छात्र है और फिलहाल कॉलेज में अस्थायी रूप से कार्यरत वकील था। बाकी दो आरोपी छात्र हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट ने 10 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

मोबाइल फोन जब्त, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने सभी आरोपियों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपियों ने वीडियो को किसी और के साथ शेयर किया या इंटरनेट पर अपलोड करने की कोशिश की। पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा चुकी है और उसका बयान दर्ज किया गया है।

कॉलेज प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई की मांग

कॉलेज की उप-प्राचार्या डॉ. नयना चटर्जी ने बताया कि मुख्य आरोपी मनोजीत को कॉलेज प्रशासन ने गवर्निंग बॉडी के तहत अस्थायी तौर पर नियुक्त किया था। उन्होंने कहा कि संस्थान ऐसी घटनाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

महिला आयोग ने लिया संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस गंभीर मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। चेयरपर्सन विजया रहाटकर ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर इस मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही पीड़िता को मेडिकल, मानसिक और कानूनी सहायता देने और उचित मुआवजा देने को कहा है।

राजनीतिक घमासान भी शुरू

भाजपा नेता अमित मालवीय ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि गैंगरेप का एक आरोपी तृणमूल से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था राज्य में पूरी तरह विफल हो चुकी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts