Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

खरगोन: 15 दिन बाद आज से खुली अनाज और कपास मंडी, पेट्रोल पंप और धार्मिक स्थान रहेंगे बंद

खरगोन: 15 दिन बाद आज से खुली अनाज और कपास मंडी, पेट्रोल पंप और धार्मिक स्थान रहेंगे बंद
खरगोन में आज कर्फ्यू के दौरान 9 घंटे की छूट मिलेगी। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। अपर कलेक्टर एसएस मुजाल्दा ने बताया कि सोमवार को छूट में कृषि मंडी को भी शामिल किया गया है। किसान अपनी उपज लाकर मंडी में बेच सकेंगे। वहीं बिना वाहन के महिला-पुरुष दोनों को छूट दी गई है।

धार्मिक स्थल और पेट्रोल पंप रहेंगे बंद

एसडीएम मिलिंद ढोके के साथ मंडी के व्यापारियों की रविवार को हुई बैठक के दौरान अनाज और कपास मंडी को छूट देने के लिए अनुरोध किया गया। जिसके बाद ये फैसला लिया गया। वहीं धारदार हथियार जैसे चाकू-छुरी, हसिया, दराती, फाल्या की दुकानें, धार्मिक स्थल, पेट्रोल पंप और केरोसिन पर छूट लागू नहीं होगी। राज्य सरकार ने ऐहतियात के तौर पर ये सब कदम उठाए हैं।

15 दिन बाद खुली अनाज व कपास मंडी

रामनवमीं पर हुई हिंसा के बाद से शहर में कर्फ्यू लगा है। इसकी वजह से 15 दिनों से शहर की अनाज व कपास मंडियां भी बंद हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से किसान उपज लेकर नहीं आ पा रहे। इससे उनका आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। ऐसे में किसानों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने ढील के दौरान अनाज व कपास मंडी शुरू करने का भी निर्णय लिया। वहीं व्यापारियों ने किसानों से अनुरोध है कि एक वाहन के साथ एक व्यक्ति एवं वाहन चालक अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे। ये भी पढ़ें: खरगोन : कर्फ्यू में कल सुबह 8 से शाम 5 बजे तक की ढील, SP को गोली मारने वाला गिरफ्तार, पेट्रोल पंप और केरोसिन दुकानें रहेंगी बंद

नवोदय प्रवेश परीक्षा मेनगांव और भाड़ली में होगी

वर्तमान समय में खरगोन शहर में कर्फ्यू होने एवं कर्फ्यू की छूट 30 अप्रैल तक न मिलने की स्थिति में खरगोन नगर के परीक्षा केंद्रों के स्थान परिवर्तन किए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय की परीक्षा 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक करने के निर्देश हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एमएल वास्कले ने आदेश जारी किए हैं। शासकीय कन्या उमावि क्र. 01 खरगोन के स्थान पर परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या उमावि मेनगांव को बनाया है। इसी प्रकार शासकीय बालक उमावि क्र. 02 खरगोन का स्थान परिवर्तन कर शासकीय आदर्श आवासीय उमावि भाड़ली को केंद्र बनाया है। मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts