खजराना में मासूम की दर्दनाक मौत! कुएं में मिला 14 वर्षीय बच्चे का शव, हत्या या हादसा बड़ा सवाल?

इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रेडिसन चौराहे के पास पुष्प विहार कॉलोनी स्थित एक कुएं में एक बच्चे का शव तैरता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद फिलहाल मामले को हादसा माना है, हालांकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खजराना पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान समीर पिता धर्मेंद्र राठौर (14) निवासी रामकृष्णबाग कॉलोनी के रूप में हुई।
थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समीर घटना के समय अपने हमउम्र चार–पांच दोस्तों के साथ आसपास खेल रहा था। बच्चों से की गई पूछताछ में शुरुआत में अलग-अलग और विरोधाभासी बयान सामने आए। किसी बच्चे ने सेल्फी लेते समय गिरने की बात कही, तो किसी ने टल्ला लगने के कारण संतुलन बिगड़ने का दावा किया।
इसके बाद पुलिस ने सभी बच्चों से अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि समीर बिना मुंडेर के खुले कुएं के पास खेलते समय हादसे का शिकार होकर उसमें गिर गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना को दुर्घटना माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।





















