Ketan Agarwal Murder Case :सिया गोयल की Snapchat चैट लीक! सहेली से मांगा आधार कार्ड, फिर शादी पर कही चौंकाने वाली बात

हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को एक नया कथित डिजिटल सबूत मिला है। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों के हाथ मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसकी एक सहेली के बीच हुई कथित स्नैपचैट चैट लगी है। बताया जा रहा है कि इस चैट का एक स्क्रीनशॉट भी सामने आया है, जिसे पुलिस अब जांच का हिस्सा मानकर परख रही है।
जानकारी के अनुसार, यह चैट 24 मई से 26 मई के बीच की बताई जा रही है। स्क्रीनशॉट में कथित तौर पर सिया अपनी सहेली से आधार कार्ड की आगे और पीछे की फोटो भेजने के लिए कहती है। साथ ही वह लिखती है कि यह फोटो 'उस शादी की टिकटों के लिए चाहिए जो कभी होने ही नहीं वाली।' इस पर सहेली जवाब देती है कि उसने दस्तावेज WhatsApp पर भेज दिए हैं।
अब जांच एजेंसियां इस चैट में लिखी गई 'शादी कभी होने ही नहीं वाली' वाली बात पर खास ध्यान दे रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शादी की तैयारियों और टिकट बुकिंग का इस्तेमाल सिर्फ लोगों और केतन अग्रवाल को शक से दूर रखने के लिए किया गया था।
क्या पहले से बनाई गई थी पूरी योजना?
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के बाद जांच को गुमराह करने और खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी ने पहले से कोई योजना बनाई थी। जांच टीम इस कथित चैट और दूसरे डिजिटल सबूतों को आपस में जोड़कर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस कथित स्नैपचैट चैट की प्रामाणिकता या हत्याकांड से इसके सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, साइबर और फॉरेंसिक टीम इस चैट की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और सभी डिजिटल सबूतों की पुष्टि के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इस चैट का मामले से कितना संबंध है।











