Kerala Blast Update : एर्नाकुलम में प्रार्थना सभा के दौरान 3 ब्लास्ट… 1 की मौत, DGP बोले- IED का हुआ इस्तेमाल

एर्नाकुलम। केरल के एर्नाकुलम में कलामसेरी स्थित एक कन्वेंशन सेंटर में रविवार को तीन धमाके हुए। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि करीब 36 लोगों के घायल होने की खबर है। ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रार्थना सभा के दौरान यह धमाके हुए। 5 मिनट के अंदर लगातार तीन धमाके हुए। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के मुख्यमंत्री से फोन पर बात कर जानकारी ली। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट की जांच करने पहुंच गई है।
एक के बाद एक हुए 3 धमाके
जेहोवाज विटनेसेस संस्थान के स्थानीय प्रवक्ता टीए श्रीकुमार ने कहा कि, जामरा कन्वेंशन हॉल में यहोवा के साक्षियों की प्रार्थना सभा चल रही थी। उसी दौरान सुबह करीब 9:45 बजे प्रेयर खत्म होने के बाद पहला धमाका हॉल के बीचों-बीच हुआ। कुछ सेकेंड बाद हॉल के दोनों तरफ दो और धमाके हुए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आज आखिरी दिन था। धमाके के समय हॉल में दो हजार से अधिक लोग मौजूद थे। एर्नाकुलम में जहां ब्लास्ट हुआ है, उसके आसपास बड़ी संख्या में यहूदी समुदाय के लोग रहते हैं। वहीं केरल डीजीपी शेक दरवेश साहेब के मुताबिक, ये हमला बम ब्लास्ट ही था। पुलिस ने बताया कि, जांच के लिए 8 स्पेशल टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है।टिफिन बॉक्स के अंदर रखा था IED!
इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन से बात की। CM ने उन्हें हालात से अवगत कराया, वहीं शाह ने केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। ब्लास्ट की जांच करने फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। केरल डीजीपी शेक दरवेश साहेब ने कहा कि, शुरुआती जांच में लग रहा है जैसे IED डिवाइस टिफिन बॉक्स के अंदर रखा था।




















