केजरीवाल का पीएम मोदी के बयान पर पलटवार, कहा- आपदा भाजपा में, न तो बीजेपी के पास सीएम फेस और न ही कोई एजेंडा

नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी की रैली पर तीखा पलटवार करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के पास न तो मुख्यमंत्री का चेहरा है और न ही दिल्ली के लिए कोई एजेंडा। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने पिछले 10 सालों में दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए बहुत सारे काम किए हैं, जिन्हें वे गिनाते-गिनाते थक जाएंगे।
केजरीवाल का भाजपा पर हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अशोक विहार में रैली के दौरान AAP को आपदा की सरकार कहा था। इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा, "आपदा दिल्ली में नहीं, बल्कि भाजपा में आई हुई है। उनके पास कोई सीएम फेस नहीं है। हमने दिल्ली में इतने काम किए हैं कि उन्हें गिनाने के लिए समय कम पड़ जाएगा।" केजरीवाल ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में गैंगस्टर खुलेआम गोलियां चला रहे हैं, व्यापारी सुरक्षा मांग रहे हैं, लेकिन मोदी और शाह के कानों तक उनकी आवाज नहीं पहुंच रही। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि गृह मंत्री से कहें कि सरकारें तोड़ने और जोड़ने से समय निकालकर दिल्ली की सुरक्षा पर ध्यान दें।












