सिवनी में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 500 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट

सिवनी। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने विभिन्न घरों और रेलवे ट्रैक के आसपास कार्रवाई करते हुए करीब 400 डिब्बे, 20 ड्रम और अन्य शराब निर्माण सामग्री भी बरामद की। पुलिस ने मौके पर ही लाहन और शराब बनाने वाली भट्ठियों को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अवैध शराब की सूचना पर बनाई गई विशेष योजना
पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को कोतवाली क्षेत्र के कुचबंदिया मोहल्ला गंज वार्ड में बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई के लिए विशेष योजना तैयार की और अलग-अलग पुलिस थानों और रक्षित केंद्र की टीमों को एक साथ लगाया गया।
ये भी पढ़ें: संघ के सरकार्यवाह होसबाले ने कहा-हिंदू एकजुटता के लिए जाति की दीवारें तोड़ें, हनुमानजी की तरह अपनी शक्ति पहचाननी होगी
6 थानों और रक्षित केंद्र की संयुक्त टीम ने मारा छापा
कार्रवाई के लिए कोतवाली, लखनवाड़ा, डूण्डासिवनी, बंडोल, महिला थाना, अजाक और रक्षित केंद्र सिवनी के पुलिस बल को शामिल किया गया। कुल 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने गंज क्षेत्र के अलग-अलग घरों और रेलवे ट्रैक के आसपास एक साथ छापामार कार्रवाई की। संयुक्त कार्रवाई के चलते बड़े क्षेत्र में एक ही समय पर छापामार कार्रवाई की जा सकी।
500 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों और रेलवे ट्रैक के आसपास से करीब 400 डिब्बे, 500 क्विंटल महुआ लाहन, 10 शराब बनाने की भट्ठियां, 20 ड्रम और अन्य शराब निर्माण सामग्री मिली। पुलिस ने मौके पर ही लाहन और शराब बनाने वाली भट्ठियों को विधिवत नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अवैध शराब निर्माण की सामग्री नष्ट की गई।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और SDOP सिवनी चंचलेश मरकाम के नेतृत्व में की गई। संयुक्त कार्रवाई में कई थाना क्षेत्रों की पुलिस को एक साथ लगाया गया, जिससे बड़े क्षेत्र में एक ही समय पर छापामार कार्रवाई की जा सकी।




















