Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Netflix पर पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में दिखाने से रोकने की तैयारी

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को पाकिस्तानी कंटेंट पर मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। 4 दिसंबर को प्रस्तावित 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज पर सवाल उठे हैं।
Netflix पर पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में दिखाने से रोकने की तैयारी
पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त

भारत सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर OTT प्लेटफॉर्म Netflix को एक बार फिर निर्देश दिया है कि पाकिस्तान में बना कोई भी कंटेंट भारत के दर्शकों के लिए उपलब्ध न कराया जाए। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) की संभावित रिलीज को लेकर मिली शिकायतों के बाद प्लेटफॉर्म को मई 2025 में जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय ने Netflix से सरकार को पहले दिए गए आश्वासन पर कायम रहने के लिए भी कहा है। पाकिस्तानी वेब सीरीज के 4 दिसंबर 2026 को प्रीमियर होने की खबर है। इसके भारत में Netflix पर उपलब्ध होने की आशंका को लेकर कई शिकायतें और मांगें मंत्रालय तक पहुंची हैं। हालांकि मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश के बाद सीरीज की भारत में रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Netflix ने सरकार को दिया था आश्वासन

सूत्रों के मुताबिक जून 2025 में Netflix ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को बताया था कि उसने पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज भारत के दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराई है। अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से इसी रुख पर कायम रहने और पहले दिए गए आश्वासन का पालन करने को कहा है। यह मामला पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की संभावित रिलीज से जुड़ा है। सीरीज को भारत में उपलब्ध कराने की आशंका के बाद कई लोगों और संगठनों ने मंत्रालय से शिकायत की थी।

मई 2025 की एडवाइजरी में पाकिस्तानी कंटेंट पर रोक के निर्देश

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 8 मई 2025 को OTT प्लेटफॉर्म, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और भारत में काम करने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें पाकिस्तान से आने वाले कंटेंट को भारतीय प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं कराने के निर्देश दिए गए थे। एडवाइजरी के दायरे में वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल मनोरंजन सामग्री शामिल थी। यह निर्देश केवल पेड सब्सक्रिप्शन तक सीमित नहीं था, बल्कि मुफ्त में उपलब्ध कराए जाने वाले कंटेंट पर भी लागू था।

Featured News

पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी हुई थी एडवाइजरी

सरकार ने यह एडवाइजरी 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जारी की थी। इस हमले में कई लोगों की जान गई थी और इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। मंत्रालय ने एडवाइजरी में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का उल्लेख किया था। साथ ही, भारत में हुए कई आतंकी हमलों में सीमा पार संबंधों की बात भी कही गई थी। इस निर्देश के लिए सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के प्रावधानों का भी हवाला दिया गया था।

Netflix का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की अपील

इस मामले को लेकर कुछ संगठनों ने भारतीय दर्शकों से अपील की है कि यदि Netflix पाकिस्तानी वेब सीरीज को भारत में रिलीज करता है, तो वे अपना सब्सक्रिप्शन रद्द कर दें। इसके अलावा संगठनों ने सरकार से स्थायी कानूनी प्रावधान बनाने की मांग की है ताकि पाकिस्तानी फिल्मों, टीवी शो, कलाकारों और अन्य मनोरंजन सामग्री को भारतीय डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाने से रोका जा सके।

'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज, फुलेरा में बदली सत्ता की तस्वीर; सचिव जी और रिंकी की प्रेम कहानी में आएगा नया मोड़

4 दिसंबर को प्रस्तावित है सीरीज का प्रीमियर

पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का प्रीमियर 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित बताया जा रहा है। फिलहाल इस बात को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है कि इसे भारत में Netflix के कैटलॉग में शामिल किया जाएगा या नहीं।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts