शाहरुख खान ने इन्फ्लुएंसर को भेजा लीगल नोटिस? अनंत अंबानी-सद्गुरु वाले वीडियो पर बवाल, जानिए पूरा मामला

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि अनंत अंबानी के साथ उनकी बातचीत का एक वायरल वीडियो है। Global Peace Honours 2026 के दौरान शाहरुख खान, अनंत अंबानी और सद्गुरु से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसके बाद दावा किया जाने लगा कि अनंत अंबानी ने बातचीत के दौरान शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा था। इस दावे को लेकर सोशल मीडिया पर खूब बहस हुई। इसी बीच खबर आई कि शाहरुख खान की लीगल टीम ने वीडियो शेयर करने वाले इन्फ्लुएंसर सुविग्य शर्मा को लीगल नोटिस भेजा है। हालांकि, अब इस पूरे मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। शाहरुख खान की लीगल टीम ने खुद सामने आकर लीगल नोटिस जारी किए जाने की खबरों को फर्जी बताया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और वायरल वीडियो की सच्चाई।
क्या है शाहरुख खान और अनंत अंबानी का वायरल वीडियो विवाद?
दरअसल, Global Peace Honours 2026 कार्यक्रम में बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने शिरकत की थी। इस दौरान शाहरुख खान और अनंत अंबानी की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। इन्फ्लुएंसर सुविग्य शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक रील शेयर की थी। इसमें अनंत अंबानी और सद्गुरु की बातचीत के फुटेज के साथ शाहरुख खान और मुकेश अंबानी की बातचीत का अलग वीडियो भी शामिल किया गया था। इस वीडियो के साथ दावा किया गया कि अनंत अंबानी ने सद्गुरु के साथ बातचीत के दौरान शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा था। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और सोशल मीडिया यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई दोनों बातचीत अलग-अलग थीं। इसके बावजूद इसे एक ही संदर्भ में पेश किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
3.5 मिनट का होगा शाहरुख खान की 'किंग' का ट्रेलर! 14 दिसंबर को रिलीज की चर्चा, जानिए क्या है खास
शाहरुख खान की लीगल टीम ने भेजा था नोटिस?
वीडियो वायरल होने के बाद दावा किया गया कि शाहरुख खान की लीगल टीम ने सुविग्य शर्मा को कानूनी नोटिस भेजा है। India Today की रिपोर्ट के हवाले से इस तरह की खबरें भी सामने आईं। दावा था कि 23 नवंबर को जारी नोटिस में वायरल वीडियो और उसके कैप्शन को भ्रामक, शरारतपूर्ण और मानहानिकारक बताया गया था। साथ ही इन्फ्लुएंसर से 48 घंटे के भीतर कुछ मांगों को पूरा करने के लिए कहा गया था। बताया गया कि नोटिस में पांच मांगें रखी गई थीं, जिनमें शामिल थीं विवादित इंस्टाग्राम रील को तुरंत हटाना। वीडियो से जुड़े भ्रामक दावों को आगे शेयर नहीं करना। वीडियो के साथ लगाए गए कैप्शन और बयानों को हटाना या सुधारना। शाहरुख खान की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले दावों का प्रसार रोकना। की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी देना। इसके बाद इन्फ्लुएंसर की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आने का दावा किया गया। उन्होंने कथित तौर पर शाहरुख खान की आपत्ति पर सवाल उठाते हुए अभिव्यक्ति की आजादी का मुद्दा उठाया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब शाहरुख खान की अधिकृत लीगल टीम ने इन खबरों को ही गलत बता दिया।
शाहरुख खान की लीगल टीम ने जारी किया बयान, बताया फर्जी है नोटिस
इस पूरे विवाद पर शाहरुख खान की अधिकृत कानूनी टीम ने स्पष्ट बयान जारी किया। टीम ने सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में प्रसारित हो रहे 23 नवंबर 2026 के कथित लीगल नोटिस को फर्जी बताया। बयान में कहा गया कि यह नोटिस शाहरुख खान की ओर से जारी नहीं किया गया है। न ही उन्होंने अपनी तरफ से ऐसा कोई नोटिस भेजने के लिए किसी वकील या लॉ फर्म को निर्देश दिया है।
लीगल टीम ने अपने बयान में कहा श्री शाहरुख खान की ओर से जारी बताया जा रहा 23 नवंबर 2026 का कथित लीगल नोटिस सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्ट्स में प्रसारित हो रहा है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह नोटिस न तो उनके द्वारा जारी किया गया है और न ही उनकी ओर से जारी हुआ है। श्री खान ने किसी भी वकील या लॉ फर्म को ऐसा नोटिस भेजने का निर्देश नहीं दिया है। टीम ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पेजों से अपील की कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। साथ ही, शाहरुख खान के नाम से गलत तरीके से जोड़ी गई सामग्री को सुधारने या हटाने की भी अपील की गई।

फिल्म 'किंग' को लेकर चर्चा में हैं शाहरुख खान
विवादों के बीच शाहरुख खान अपनी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर भी सुर्खियों में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। फिल्म में अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। इसकी खास बात यह है कि शाहरुख खान पहली बार बड़े पर्दे पर अपनी बेटी सुहाना खान के साथ नजर आने वाले हैं।



















