26/11 हमले की बरसी पर मुंबई-पुणे में बम धमकी, अमिताभ बच्चन के घर और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने का दावा

मुंबई आतंकी हमले (26/11) की 18वीं बरसी पर शहर को एक बार फिर बम धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की कमिश्नर अश्विनी भिड़े को मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। ईमेल में मुंबई के सायन स्थित अमिताभ बच्चन के आवास और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर भी बम रखे होने का दावा किया गया है। मुंबई के अलावा पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुणे में बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की टीम कोर्ट परिसर में जांच के लिए पहुंच रही है। फिलहाल ईमेल में किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
मुंबई मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के घर और मेट्रो स्टेशन को धमकी
जानकारी के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें मुंबई मेयर के कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में सायन स्थित महालक्ष्मी जलसा बंगले, जिसे अभिनेता अमिताभ बच्चन का आवास बताया गया है, और आचार्य मेट्रो स्टेशन पर भी बम रखे होने का दावा किया गया है। धमकी मिलने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया है। ईमेल में किए गए दावों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी स्थान पर विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई से पहले पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। कोर्ट परिसर में जांच के लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम पहुंच रही है। पुलिस धमकी वाले ईमेल की जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इसी कोर्ट के बाहर एक दिन पहले एक व्यक्ति पर कोयता और बंदूक से हमला किया गया था। ऐसे में बम धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुआ था आतंकी हमला
26 नवंबर की तारीख भारत के इतिहास में दो वजहों से महत्वपूर्ण है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। वहीं, 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस हमले में पाकिस्तान से आए 10 आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था। इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और 600 से अधिक लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 9 आतंकवादी मारे गए थे, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया था। बाद में उसे फांसी दी गई।
1998 में ट्रेन हादसे में गई थी 212 लोगों की जान
26 नवंबर की तारीख से एक और बड़ी त्रासदी जुड़ी है। 26 नवंबर 1998 को पंजाब के खन्ना के पास कौड़ी गांव के नजदीक एक बड़ा रेल हादसा हुआ था। दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्रंटियर मेल के कुछ डिब्बे पटरी से उतरकर समानांतर ट्रैक पर पहुंच गए थे। इसी दौरान जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस उनसे टकरा गई थी। इस भीषण दुर्घटना में 212 लोगों की मौत हुई थी।




















