Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जी. कृष्णैया हत्याकांड: आनंद मोहन की रिहाई का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द, एक महीने में सरेंडर करने का निर्देश

जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है। कोर्ट ने एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया।
जी. कृष्णैया हत्याकांड: आनंद मोहन की रिहाई का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द, एक महीने में सरेंडर करने का निर्देश
Anand Mohan

बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जी. कृष्णैया हत्याकांड में उनकी समय से पहले हुई रिहाई को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। साथ ही बिहार सरकार की 2023 की रिहाई नीति में किए गए बदलाव को भी गलत ठहराया है।

दरअसल, साल 1994 में बिहार के गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ ने हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बिहार सरकार की रिहाई नीति में बदलाव के बाद करीब 14 साल जेल में बिताने के पश्चात 24 अप्रैल 2023 को उन्हें रिहा कर दिया गया था।

आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने इस पर सुनवाई करते हुए रिहाई का आदेश रद्द कर दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार की नीति पर क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 2023 में बिहार सरकार ने समय से पहले रिहाई के नियमों में जो संशोधन किया, उसके पीछे कोई स्पष्ट उद्देश्य या उचित कारण नहीं था। राज्य सरकार इस बदलाव के लिए कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य भी साबित नहीं कर पाई। अदालत ने माना कि यह संशोधन संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करता है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सजा में छूट देने के मामलों में अनुच्छेद 21 के तहत दोषियों के अधिकारों को ही एकमात्र आधार नहीं बनाया जा सकता।

Supreme Court

पीड़ित परिवार के अधिकारों को भी देना होगा महत्व

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार केवल दोषी तक सीमित नहीं है। इसमें पीड़ित के अधिकार और पीड़ित की मृत्यु होने की स्थिति में उसके परिवार के अधिकार भी शामिल हैं। अदालत के मुताबिक, दोषी को सुधार का अवसर देने और पीड़ित परिवार को गरिमापूर्ण एवं भयमुक्त जीवन देने के अधिकारों के बीच संतुलन जरूरी है। किसी एक पक्ष के अधिकारों को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार को यह छूट दी है कि वह उमा कृष्णैया को अपनी बात रखने का अवसर देने के बाद आनंद मोहन की सजा में छूट देने की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू कर सकती है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts