MP में 3 दिसंबर को बैंककर्मियों की हड़ताल, 11 बड़े बैंकों के करीब 8 हजार कर्मचारी रहेंगे काम से दूर

भोपाल। मध्य प्रदेश में 3 दिसंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में प्रदेश के करीब 8 हजार बैंक कर्मचारी राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। हड़ताल में प्रमुख बैंकों के क्लर्क स्तर के कर्मचारी शामिल रहेंगे। इससे बैंक शाखाओं में लेन-देन और अन्य कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।
ऑल इंडिया बैंक एम्प्लाईज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लाईज फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर देशभर के लाखों बैंक कर्मचारी और अधिकारी 3 दिसंबर को हड़ताल करेंगे। हड़ताल से पहले देशभर में प्रदर्शन, बैज धारण करने और ट्विटर-X अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भोपाल में भी बैंककर्मियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया।
11 बड़े बैंकों के कर्मचारी हड़ताल में होंगे शामिल
प्रदेश में प्रमुख 12 बैंकों में से 11 के कर्मचारियों पर हड़ताल का असर दिखाई देगा। इनमें शामिल हैं-
- पंजाब नेशनल बैंक
- बैंक ऑफ बड़ौदा
- केनरा बैंक
- यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
- बैंक ऑफ इंडिया
- इंडियन बैंक
- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
- इंडियन ओवरसीज बैंक
- यूको बैंक
- पंजाब एंड सिंध बैंक
इसके अलावा एसआईबी के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे, हालांकि उनकी संख्या कम बताई गई है। हड़ताल में मुख्य रूप से क्लर्क स्तर के कर्मचारियों की भागीदारी रहेगी।
बैंककर्मियों की मांग- IDBI के निजीकरण की प्रक्रिया रोकी जाए
बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांग है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशीकरण की प्रक्रिया रोकी जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। संगठनों के पदाधिकारियों नजीर कुरैशी, दीपक रतन शर्मा, गुणा शेखरन, वैभव गुप्ता, देवेंद्र खरे, एमएस जयशंकर और भगवान स्वरूप कुशवाहा ने कहा कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण का मुद्दा केवल एक बैंक तक सीमित नहीं है। यह सार्वजनिक क्षेत्र, कर्मचारियों, ग्राहकों, शेयरधारकों और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के हितों से जुड़ा है।
9,500 करोड़ रुपये से ज्यादा मुनाफे का दिया हवाला
बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि जिस सार्वजनिक संस्थान का पुनर्निर्माण जनता के धन से हुआ है, उसे केवल बिक्री योग्य संपत्ति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनका दावा है कि आईडीबीआई बैंक मुनाफे में चल रहा है और उसने पिछले साल 9,500 करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमाया था। ऐसे में बैंक को किसी विदेशी कॉरपोरेट के हाथों बेचने का फैसला समझ से परे है।
सरकार से प्रक्रिया का विवरण सार्वजनिक करने की मांग
बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार से सवाल किया है कि आईडीबीआई बैंक को बेचने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने बैंक के विनिवेश और बिक्री प्रक्रिया का पूरा विवरण सार्वजनिक करने के साथ आगे की कार्रवाई से पहले स्वतंत्र जांच और मूल्यांकन कराने की मांग की है। संगठनों ने निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द करने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




















