Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कश्मीर को मिलेगी पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, 19 अप्रैल को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी; दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का करेंगे लोकार्पण

Follow on Google News
कश्मीर को मिलेगी पहली वंदे भारत ट्रेन की सौगात, 19 अप्रैल को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी; दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का करेंगे लोकार्पण
जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 अप्रैल को कटरा से श्रीनगर के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना का हिस्सा है। फिलहाल, यह ट्रेन कटरा से चलेगी क्योंकि जम्मू रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के साथ, कश्मीर को पहली बार देश के बाकी हिस्सों से सीधा रेल संपर्क मिल जाएगा।

दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी अपने जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान उधमपुर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का भी उद्घाटन करेंगे। चिनाब नदी पर बने इस पुल की कुल लंबाई 1,315 मीटर है और इसकी ऊंचाई एफिल टॉवर से भी 35 मीटर अधिक है। यह पुल कश्मीर को रेल मार्ग से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

लंबे समय से थी रेल संपर्क की मांग

कश्मीर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अभी तक केवल संगलदान से बारामूला के बीच रेल सेवा संचालित होती थी। वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने से जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत 1997 में हुई थी, लेकिन भूवैज्ञानिक, भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण इसे पूरा होने में लंबा समय लगा। इस परियोजना में 38 सुरंगें शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 119 किलोमीटर है। इनमें सबसे लंबी सुरंग टी-49 है, जिसकी लंबाई 12.75 किलोमीटर है और यह भारत की सबसे लंबी परिवहन सुरंग है। परियोजना में 927 पुल भी बनाए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 13 किलोमीटर है।

रेल संपर्क से कश्मीर को होगा बड़ा फायदा

रेल नेटवर्क से जुड़ने के बाद कश्मीर में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय परिवहन को बड़ा फायदा होगा। जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा सुगम हो जाएगी, जिससे पर्यटक अधिक संख्या में यहां आ सकेंगे। यह न केवल यात्रियों के लिए बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए भी एक बड़ा कदम होगा।

रेलवे सुरक्षा को लेकर सरकार सतर्क

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे सुरक्षा को लेकर गृह मंत्रालय लगातार बैठकें कर रहा है। सरकार आतंकियों और उनके समर्थकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि रेल नेटवर्क पूरी तरह सुरक्षित रहे। जम्मू रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के बाद ट्रेन की नियमित सेवा फिलहाल वंदे भारत ट्रेन कटरा से चलेगी, क्योंकि जम्मू रेलवे स्टेशन में नवीनीकरण कार्य चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद यह ट्रेन नियमित रूप से जम्मू से संचालित होगी।

इतिहास रचने जा रही है मोदी सरकार

यह परियोजना मोदी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कटरा रेलवे स्टेशन को भी प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में समर्पित किया था। अब कश्मीर को पहली बार वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल रही है, जिससे देश का यह हिस्सा पूरी तरह रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। ये भी पढ़ें- कठुआ में आतंकियों का आतंक : खाना मांगने के बहाने घर में घुसे तीन आतंकी, 13 वर्षीय बच्चे को किया किडनैप; पहाड़ी से कूदकर भागा बच्चा
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts