Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कानपुर में बड़ा हादसा :डंपर से टकराकर नहर में गिरी मजदूरों से भरी बस, डंपर ने मारी थी टक्कर, ऐसे बची 21 जिंदगियां

कानपुर के बिधनू क्षेत्र में मजदूरों से भरी प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद नहर में गिर गई। हादसे में कई लोग घायल हुए, जबकि सभी यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत अभियान चलाया।
डंपर से टकराकर नहर में गिरी मजदूरों से भरी बस, डंपर ने मारी थी टक्कर, ऐसे बची 21 जिंदगियां

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिधनू थाना क्षेत्र में मजदूरों और फैक्ट्री कर्मचारियों को लेकर जा रही एक प्राइवेट बस डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर रामगंगा नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

फैक्ट्री कर्मचारियों को लेकर जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, यह बस कानपुर से रनियां स्थित फैक्ट्री की ओर जा रही थी। बस में ट्राइडेंट कंपनी के कर्मचारी और मजदूर सवार थे। हादसे के समय बस में करीब 19 से 21 लोग मौजूद थे। सभी लोग रोज की तरह काम पर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

डंपर से टक्कर के बाद बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। बस सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे रामगंगा नहर में जा घुसी। हादसे के तुरंत बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि, टक्कर के बाद बस चालक मौके से कूदकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

बस के नहर में गिरते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। कई लोगों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बिधनू थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Breaking News

कई घायल, कुछ की हालत गंभीर

हादसे में कई मजदूर घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई लोगों को मामूली चोट लगी है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी यात्रियों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

हादसे के बाद बिधनू रामगंगा नहर पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर भारी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और राहत कार्य के दौरान यातायात को डायवर्ट किया।

जांच में जुटी पुलिस 

हादसे के बाद नहर में गिरी बस को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का बस से नियंत्रण खोना हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। डंपर चालक और बस चालक से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

हादसा बेहद भयावह था, लेकिन राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अगर रेस्क्यू में थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की तेजी से कई लोगों की जान बच गई।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts