माला पहनाते-पहनाते जिंदगी निकल गई, खाद नहीं मिली’, किसान की बात सुन भड़के सिंधिया, कलेक्टर से कहा...

गुना। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुना दौरे के दूसरे दिन सर्किट हाउस में किसानों की समस्याओं को लेकर उस समय माहौल गरमा गया, जब खाद की कमी से परेशान कई किसान अपनी शिकायत लेकर सीधे सिंधिया के सामने पहुंचे। किसानों ने खाद की उपलब्धता, ऑनलाइन टोकन और वितरण व्यवस्था को लेकर अपनी परेशानी बताई। एक किसान ने भावुक होकर सिंधिया से कहा कि ‘महाराज! जिंदगी हो गई माला पहनाते-पहनाते, लेकिन खेत के लिए दो बोरी खाद नहीं मिल पा रहा।’ किसान की बात सुनकर सिंधिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली और समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
‘ठीक है’ नहीं, पेन-पैड निकालिए... कलेक्टर से बोले सिंधिया
किसानों की शिकायत सुनने के दौरान सिंधिया ने गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल से किसानों की समस्याओं को लिखित रूप से दर्ज करने को कहा। कलेक्टर के ‘ठीक है’ कहने पर सिंधिया ने कहा कि केवल ‘ठीक है’ कहने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि पेन-पैड निकालिए और हर किसान का नाम और मोबाइल नंबर नोट कीजिए। इसके बाद किसानों से उनकी जानकारी ली गई और कलेक्टर ने खुद नाम और नंबर दर्ज किए। सिंधिया ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन टोकन को लेकर किसानों ने उठाए सवाल
पगारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें रखीं। किसानों का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय बाद पोर्टल पर सभी टोकन खत्म दिखाई देने लगते हैं। कुछ किसानों ने टोकन की कथित कालाबाजारी और बिचौलियों की भूमिका की आशंका भी जताई। किसानों ने ऑनलाइन व्यवस्था में गड़बड़ी की जांच की मांग की। सिंधिया ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से पूरी जानकारी जुटाने और व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
रक्तदाताओं से मिले, अपने हाथों से पिलाया जूस
जनसुनवाई के बाद सिंधिया जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। सिंधिया ने रक्तदाताओं से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और अपने हाथों से जूस पिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रक्तदान को महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए लोगों से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। सिंधिया के चार दिवसीय गुना प्रवास के दौरान विकास कार्यों के लोकार्पण, जनसंवाद और आम लोगों की समस्याओं को सुनने का सिलसिला जारी है।




















