Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले-3 माह में भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान नहीं आया तो 50 हजार कांग्रेसजन करेंगे पदयात्रा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि तीन महीने में भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान जारी नहीं हुआ तो कांग्रेस 50 हजार कार्यकर्ताओं के साथ इंदौर से भोपाल तक पदयात्रा करेगी। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार और बेतरतीब विकास के खिलाफ जनआंदोलन बनाने की चेतावनी दी।
पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले-3 माह में भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान नहीं आया तो 50 हजार कांग्रेसजन करेंगे पदयात्रा
भोपाल। उपवास कार्यकम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री पीसी शर्मा।

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार  को रोशनपुरा चौराहे पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के उपवास कार्यकम स्थल पहुंचे। पूर्व मंत्री शर्मा ने राजधानी के  मास्टर प्लान लागू करने को 31 घंटे का उपवास किया है। इस मौके पर  पटवारी ने कहा कि यदि तीन महीने में भोपाल-इंदौर का मास्टर प्लान नहीं आया तो इंदौर से भोपाल तक 50 हजार कांग्रेसजन पदयात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल मास्टर प्लान की मांग तक सीमित नहीं होगी, बल्कि प्रदेश में फैल रहे भ्रष्टाचार और बेतरतीब विकास के खिलाफ भी जनआंदोलन का रूप लेगी।

मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज

पटवारी ने कहा कि भोपाल और इंदौर के मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। इससे पहले व्यापारियों और विधायक आरिफ मसूद ने भी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया है। कांग्रेस पार्टी ने समय-समय पर सरकार से भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री, मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री से कांग्रेस पार्टी आग्रह करती है कि अगले तीन महीने के भीतर भोपाल और इंदौर का मास्टर प्लान जारी किया जाए। मास्टर प्लान के अभाव में शहरों का बेतरतीब विकास हो रहा है, जिससे आम जनता और व्यापारी दोनों परेशान हैं।

जनता संघर्ष कर रही, यह अन्याय है

पटवारी ने कहा कि सरकार ने जनता से वोट लिए हैं और यदि जनता को मूलभूत सुविधाओं तथा व्यवस्थित विकास के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो यह जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस पार्टी जनता और व्यापारियों की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

ये भी पढ़ें: RUN FOR MASTERPLAN: मास्टर प्लान के लिए दौड़ा भोपाल! आरिफ मसूद ने उठाई जल्द लागू करने की मांग, Gen Z समेत कई वर्ग हुए शामिल

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सरकार पर निशाना 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के ऐसे पहले नेता प्रतिपक्ष हैं, जो किसी गैर-राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। इसके बावजूद मोहन सरकार ने कार्यक्रम के लिए मैदान के उपयोग के नाम पर ₹10 लाख का शुल्क लिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब अटल बिहारी वाजपेयी नेता प्रतिपक्ष के रूप में भोपाल आते थे, तब कांग्रेस सरकार उन्हें कार्यक्रम की अनुमति देती थी और स्वयं भी उनके कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें सुनती थी। लेकिन आज भाजपा सरकार द्वारा राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए मैदान का 10 लाख रुपए शुल्क लेना दोनों सरकारों की सोच के बीच के बड़े अंतर को दर्शाता है।

सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करे

पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम छात्रों और युवाओं से जुड़ा है और इसमें बड़ी संख्या में युवा अपनी बात रखने के लिए शामिल होंगे। सरकार को राजनीतिक दुर्भावना से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायक नितेंद्र राठौर, विजय चौरे, पूर्व संगठन महामंत्री राजीव सिंह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल, पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

ये भी पढ़ें: गणेश जी की आंखों से बह रहे आंसू! खबर फैलते ही गांव में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts