‘Tumbbad 2’ में फिर लौटेंगे जेस्पर किड, सीक्वल के म्यूजिक की संभालेंगे कमान; 3 दिसंबर 2027 को होगी रिलीज

सोहम शाह की चर्चित फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। इंटरनेशनल म्यूजिक कंपोजर जेस्पर किड एक बार फिर ‘तुम्बाड 2’ के लिए संगीत तैयार करेंगे। उन्होंने 2018 में रिलीज हुई पहली फिल्म का म्यूजिक भी कंपोज किया था, जिसने फिल्म के रहस्यमयी और डरावने माहौल को खास पहचान दी थी। ‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ जैसी मशहूर फ्रेंचाइजी के लिए संगीत तैयार कर चुके जेस्पर की वापसी से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म 3 दिसंबर 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पहली फिल्म के म्यूजिक ने बनाई थी अलग पहचान
‘तुम्बाड’ की कहानी और उसके रहस्यमयी माहौल को खास बनाने में जेस्पर किड के संगीत की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने फिल्म के लिए ऐसी धुनें तैयार की थीं, जो उसकी लोककथा, रहस्य और पौराणिक तत्वों को पर्दे पर उभारती हैं। जेस्पर ने मिस्ट्री से भरी धुनों, अलग-अलग इंस्ट्रूमेंट्स, ऑर्केस्ट्रा और सिंथेसाइजर के साउंड को मिलाकर फिल्म का म्यूजिक तैयार किया था। उनके इस काम को कई पुरस्कार भी मिले। साल 2019 में उन्हें क्रिटिक्स चॉइस फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट स्कोर का सम्मान मिला था। इसके अलावा ज्ञान दरबार फिल्म अवॉर्ड्स और पावर ब्रांड्स बॉलीवुड फिल्म जर्नलिस्ट अवॉर्ड्स में भी उन्हें बेस्ट स्कोर का पुरस्कार मिला।
जेस्पर किड बोले- ‘तुम्बाड’ की दुनिया में लौटने के लिए उत्साहित हूं
‘तुम्बाड 2’ से दोबारा जुड़ने पर जेस्पर किड ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फिल्म के शुरुआती वर्जन को देखने के बाद ही उन्हें इसकी दुनिया बेहद खास लगी थी। डायरेक्टर आदेश प्रसाद ने ही सबसे पहले उनसे पहली फिल्म के लिए संपर्क किया था। जेस्पर के मुताबिक, वह एक बार फिर इस दुनिया में लौटकर संगीत के जरिए इसे और गहराई से एक्सप्लोर करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर आदेश प्रसाद और एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह के साथ काम करने को लेकर भी खुशी जताई।
सोहम शाह ने कहा- म्यूजिक भी ‘तुम्बाड’ की पहचान का हिस्सा
सोहम शाह ने जेस्पर की वापसी को फिल्म के लिए अहम बताया। उनका कहना है कि ‘तुम्बाड’ की पहचान बनाने में उसके संगीत का भी उतना ही योगदान था, जितना उसकी विजुअल दुनिया का। जेस्पर ने अपने म्यूजिक से फिल्म के माहौल और कहानी को एक अलग पहचान दी थी। सोहम शाह के मुताबिक, सीक्वल में इस क्रिएटिव जुड़ाव को बनाए रखते हुए फिल्म की दुनिया को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। वह जेस्पर के साथ दोबारा काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
आदेश प्रसाद भी जेस्पर के साथ नए प्रयोग करने को तैयार
फिल्म के डायरेक्टर आदेश प्रसाद ने भी जेस्पर किड की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पहली फिल्म में संगीत ने उसके रहस्य, बड़े कैनवास और डरावने माहौल को दर्शकों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। आदेश के मुताबिक, जेस्पर ने उनके विजन को समझते हुए फिल्म को एक अलग तरह का संगीत दिया था। अब ‘तुम्बाड 2’ में दोनों इस क्रिएटिव पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने और संगीत में नए प्रयोग करने के लिए तैयार हैं।
तीन दशक का करियर, कई बड़ी फ्रेंचाइजी के लिए किया काम
जेस्पर किड को इंटरनेशनल स्तर पर फिल्म और वीडियो गेम म्यूजिक कंपोजर के रूप में पहचान मिली है। अपने करीब तीन दशक के करियर में उन्होंने ‘असैसिन्स क्रीड’, ‘हिटमैन’ और ‘बॉर्डरलैंड्स’ जैसी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी के लिए संगीत तैयार किया है। ‘तुम्बाड’ के म्यूजिक के लिए उन्हें कई अवॉर्ड मिले और प्रतिष्ठित फिल्मफेयर अवॉर्ड्स, CNN-IBN न्यूज18 रील मूवी अवॉर्ड्स और FOI ऑनलाइन अवॉर्ड्स इंडिया में बेस्ट स्कोर कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था।
आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी होंगे फिल्म का हिस्सा
‘तुम्बाड 2’ में सोहम शाह एक बार फिर एक्टर और प्रोड्यूसर की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद करेंगे। पहली फिल्म की क्रिएटिव टीम सीक्वल में भी काम कर रही है, जबकि इस बार कहानी में कुछ नए चेहरे भी शामिल होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्माण सोहम शाह फिल्म्स और डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं। पेन स्टूडियोज इससे पहले ‘RRR’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी फिल्मों से भी जुड़ा रहा है।




















