Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा में दीवार में सुरंग बनाकर सूने मकान में चोरी, बेटी की 6 साल पुरानी गुल्लक और पीतल के बर्तन ले उड़े चोर

हरदा की मंगलद्वार कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान की दीवार में सुरंग बनाकर करीब 10 हजार रुपए से भरी गुल्लक और तांबे-पीतल के बर्तन चुरा लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
हरदा में दीवार में सुरंग बनाकर सूने मकान में चोरी, बेटी की 6 साल पुरानी गुल्लक और पीतल के बर्तन ले उड़े चोर
इस तरह सुरंग बनाकर अंदर घुसे चोर

हरदा। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछली चोरियों का खुलासा होने से पहले ही मंगलद्वार कॉलोनी में एक और सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर घर की पिछली दीवार में सुरंग बनाकर अंदर घुसे और वहां रखी पैसों की गुल्लक और तांबे-पीतल के बर्तन चुरा ले गए। गुल्लक में करीब 10 हजार रुपए जमा थे। घटना का पता रविवार शाम मकान मालिक के घर लौटने पर चला। सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी के ऑपरेशन के लिए खंडवा गया था परिवार

जानकारी के मुताबिक, मंगलद्वार कॉलोनी निवासी लक्ष्मीनारायण राठौर अपनी पत्नी के ऑपरेशन के सिलसिले में 16 नवंबर को खंडवा गए थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। रविवार शाम जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला, जबकि मकान के भीतर लाइट जल रही थी।संदेह होने पर उन्होंने घर के पीछे जाकर देखा तो दीवार के निचले हिस्से में सुरंग बनी हुई थी। इसके बाद घर में चोरी होने का पता चला।

अलमारी का ताला नहीं टूटा तो गुल्लक और बर्तन ले गए

चोरों ने मकान की पिछली दीवार में सुरंग बनाकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। अलमारी नहीं खुलने पर चोर घर में रखे तांबे-पीतल के लोटे और पैसों से भरी एक गुल्लक लेकर फरार हो गए। इस दौरान पीतल का एक तुक्कस घर के पीछे ही छूट गया।

बेटी ने छह साल पहले बनाई थी गुल्लक

मकान मालिक लक्ष्मीनारायण राठौर ने बताया कि चोरी हुई गुल्लक उनकी बेटी ने करीब छह साल पहले बनाई थी। इसमें धीरे-धीरे पैसे जमा किए जा रहे थे। गुल्लक में करीब 10 हजार रुपए होने का अनुमान है। चोर गुल्लक के साथ घर में रखे तांबे और पीतल के बर्तन भी ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत का अभी स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के तरीके और घर में हुई गतिविधियों की जानकारी जुटाई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चोरों का पता नहीं चल सका है।

कटनी से 4 करोड़ के 32 ट्रक चावल गायब, परिवहन कंपनी पर पहले भी 36 ट्रक धान गायब करने के मामले में हो चुकी कार्रवाई

लगातार चोरियों से लोगों में दहशत

शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि पिछली वारदातों का खुलासा नहीं होने के बीच चोर एक के बाद एक सूने मकानों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में लोग अपने घरों को खाली छोड़ने से भी डरने लगे हैं। मंगलद्वार कॉलोनी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts