पश्चिम बंगाल चुनाव:जनता चाहती है बदलाव... भारी बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार, पुरुलिया में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी की जीत का बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार जनता का मूड साफ है और भारी बहुमत से सरकार बनने जा रही है।
जनता चाहती है बदलाव... भारी बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार, पुरुलिया में बोले पीएम मोदी

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के बड़े दिग्गज नेता चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने अपने भाषण में टीएमसी पर भ्रष्टाचार, किसानों और आदिवासियों के शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी सरकार बनने पर किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाएं तेजी से लागू होंगी।

डर छोड़कर भरोसा अपनाने की अपील 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह आमतौर पर चुनाव के नतीजों को लेकर भविष्यवाणी नहीं करते हैं, लेकिन इस बार माहौल अलग है और हर जगह से एक ही बात सुनने को मिल रही है कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जब जनता बदलाव का मन बना लेती है तो कोई ताकत उसे रोक नहीं सकती। पीएम ने लोगों से डर छोड़कर भरोसा अपनाने की अपील की और कहा कि यही भरोसा बंगाल को नई दिशा देगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि त्रिपुरा और असम में भी लोगों ने बदलाव का रास्ता चुना और बीजेपी पर विश्वास जताया। उनका कहना था कि जब भ्रष्टाचार और डर बढ़ता है तो जनता बीजेपी को मौका देती है।

ये भी पढ़ें: युवती को 10 फीट तक घसीट कर पीटने वाला आरोपी गिरफ्तार: मामूली विवाद में सड़क पर हुआ था बवाल,

'टीएमसी का सिंडिकेट हर जगह हावी' 

पीएम मोदी ने ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में आज भी अव्यवस्था और डर का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी इलाकों में विकास नहीं हुआ और उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया गया है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि टीएमसी का सिंडिकेट हर जगह हावी है, चाहे बाजार हो या कोल्ड स्टोरेज। किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा और हर काम में उगाही का खेल चल रहा है। पीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर इस सिंडिकेट सिस्टम को पूरी तरह खत्म किया जाएगा और आम लोगों को उनका हक दिलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग और निवेश तभी आते हैं जब माहौल सुरक्षित और भरोसेमंद हो।

Breaking News

'सरकार बनने पर किसानों पर रहेगा विशेष फोकस' 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा और डबल इंजन सरकार का असर साफ दिखेगा। उन्होंने बताया कि धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए करने का वादा किया गया है और पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाएं तेजी से लागू की जाएंगी ताकि किसानों की आय बढ़ सके। आदिवासी समुदाय का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि बीजेपी ने हमेशा उन्हें सम्मान दिया है और आगे भी उनके विकास के लिए काम जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन इलाकों में अब तक विकास नहीं पहुंचा है, वहां तेजी से काम किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Tamil Nadu Elections : तमिलनाडु में बोले अमित शाह...कांग्रेस और DMK ने महिलाओं के साथ विश्वासघात किया

'युवाओं को नहीं मिल रहा रोजगार'

पीएम मोदी ने महिलाओं के मुद्दे पर भी टीएमसी को घेरा और कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने के मुद्दे पर विपक्ष ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति ठीक नहीं है और अपराध के मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं होती। साथ ही उन्होंने युवाओं के रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि भर्ती घोटालों में युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर पारदर्शिता लाई जाएगी और युवाओं को सही अवसर दिए जाएंगे। 

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts