जम्मू-कश्मीर : श्रीनगर के जकुरा में आतंकियों व सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। मारे गए ये आतंकी लश्कर- ए-तैयबा और टीआरएफ के सदस्य थे। जम्मू कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ चल रहा अभियान तेजी से जारी है। हाल ही में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद अब तक 439 आतंकवादी ढेर किए जा चुके हैं।
एक आतंकी की हुई पहचान
आईजीपी कश्मीर के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान इखलाक हाजम के तौर पर हुई है। वह हसनपोरा अनंतनाग में कॉन्स्टेबल अली मोहम्मद की हत्या में शामिल था। मारे गए आतंकियों के पास से 2 पिस्तौल सहित दूसरी आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई हैं। इस मुहिम को श्रीनगर पुलिस ने अंजाम दिया है।











