भोपाल में करंट का कहर: पोल पकड़ते ही भाजयुमो पदाधिकारी की मौत, पत्नी भी झुलसी

भोपाल। एमपी नगर इलाके में रविवार रात बिजली के पोल से करंट लगने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। दिव्यऋषि परिवार के साथ मॉल में शॉपिंग करने पहुंचे थे। हादसे में उनकी पत्नी को भी करंट का झटका लगा।
पोल पकड़ते ही लगा करंट
प्रत्यक्षदर्शी ट्रैफिक पुलिसकर्मी के मुताबिक, दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सहारे के लिए सड़क किनारे लगे पोल को पकड़ लिया। दूसरे हाथ से दीवार पकड़ने की कोशिश करते ही उन्हें तेज करंट लग गया। बताया जा रहा है कि पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था। पोल के पास बिजली का तार खुला होने की बात भी सामने आई है।
पुलिसकर्मियों ने दिया CPR
करंट लगने के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तुरंत बचाव शुरू किया। दिव्यऋषि को CPR दिया गया और इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी को भी लगा करंट
हादसे के दौरान दिव्यऋषि की पत्नी भी करंट की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पोल में करंट कैसे आया, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोल में करंट कैसे पहुंचा और खुले तार की स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। हादसे के बाद सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और मेट्रो निर्माण कार्य से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।




















