Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जयपुर में केमिकल टैंकर फटा : 40 गाड़ियों में लगी आग,जिंदा जले 5 लोग... 35 झुलसे, अजमेर हाईवे बंद

Follow on Google News
जयपुर में केमिकल टैंकर फटा : 40 गाड़ियों में लगी आग,जिंदा जले 5 लोग... 35 झुलसे, अजमेर हाईवे बंद
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार सुबह अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा हो गया। यहां दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने केमिकल से भरे टैंकर में धमाका हो गया। हादसे में 5 लोग जिंदा जल गए और 35 लोगों के झुलसने की खबर है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस अग्निकांड में एक-एक कर 40 से ज्यादा गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। कई गाड़ियां ऐसी थीं जिनमें से लोगों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। वहीं घायलों का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हॉस्पिटल पहुंचे।

300 मीटर दूर तक फैला जलता हुआ केमिकल

जानकारी के मुताबिक, हादसा डी क्लॉथोंन के पास शुक्रवार (20 दिसंबर) सुबह करीब 5.45 बजे हुआ। टैंकर को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। जिसकी वजह से टैंकर में ब्लास्ट हो गया और जलता हुआ केमिकल 200 से 300 मीटर दूर तक फैल गया। जहां-जहां केमिकल गिरा वहां आग लग गई। आग ने आस-पास की गाड़ियों को भी चपेट में ले लिया, जिनमें कई यात्री सवार थे।

कैसे हुआ हादसा

ये दिल दहला देने वाला हादसा लापरवाही की वजह से होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, टैंकर अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा था। दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने से वह वापस अजमेर की ओर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जयपुर से आ रहा एलपीजी ट्रक टैंकर से टकरा गया। तेज रफ्तार से आ रही कई गाड़ियां इस आग की चपेट में आ गईं। हादसे में टैंकर के पीछे चल रही एक स्लीपर बस और हाईवे के किनारे मौजूद पाइप फैक्ट्री भी जल गई। धमाके और आग की वजह से हाईवे बंद किया गया है। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही 30 से ज्यादा एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। केमिकल फैलने से रेस्क्यू में परेशानी आ रही है। सभी घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

जयपुर पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जयपुर में गैस से भरे टैंकर में ब्लास्ट की दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए जयपुर पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। पुलिस से 9166347551, 8764688431, 7300363636 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts