जबलपुर में हादसा : मजदूरों से भरे ऑटो पर पलटा ट्रक, 7 लोगों की मौत, सोयाबीन की कटाई कर लौट रहे थे मजदूर

जबलपुर में हादसा : मजदूरों से भरे ऑटो पर पलटा ट्रक, 7 लोगों की मौत, सोयाबीन की कटाई कर लौट रहे थे मजदूर
जबलपुर। जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर चरगंवा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरे ऑटो पर एक ट्रक पलट गया, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। घटना बुधवार शाम 4:30 बजे की है। घायलों को सिहोरा के अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत में 3 को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

नाराज लोगों ने किया जाम

घटना से नाराज लोगों ने सिहोरा - कटनी स्टेट हाईवे पर चरगंवा रोड पर जाम लगा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मंझगवां थाना प्रभारी समेत सिहोरा, खितौला पुलिस थाने फोर्स मौके पर है। सिहोरा एसडीओपी पारुल शर्मा भी मौके पर पहुंचीं।

मजदूर सोयाबीन की कटाई कर लौट रहे थे

जानकारी के अनुसार, सोयाबीन की कटाई कर लौट रहे मजदूरों से भरे ऑटो पर माइनिंग के काम में लगा हाईवा ट्रक पलट गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए। ऑटो में 13 लोग सवार थे, जिनमें से 3 प्रतापपुर गांव के और बाकी नुंजी खमरिया गांव के रहने वाले थे।

विधायक बोले- घटना की होगी जांच

सिहोरा से विधायक संतोष बरकड़े ने कहा है कि घटना की जांच करवाई जा रही है और मृतक और घायल मजदूर परिवार के सदस्यों को सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

जबलपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मरने वालों में प्रतापपुर निवासी उषा बाई (35), रानुबाई कोल (19), करण कोल (20), भूरा कोल (4), शोभाराम (45) और नुंजी खमरिया निवासी शिवा कोल (17), कल्लू बाई (40) शामिल हैं। जबकि हादसे में घायल हुए, शोभाराम, कन्हैया, राधिका, मंजोबाई, राधा, एक अन्य (नाम नहीं बताया गया) शामिल है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts