Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इजराइल के हमले से ईरानी एयरस्पेस बंद : Air India की 16 फ्लाइट्स का रूट बदला, वापस लौट आईं कई उड़ानें

Follow on Google News
इजराइल के हमले से ईरानी एयरस्पेस बंद : Air India की 16 फ्लाइट्स का रूट बदला, वापस लौट आईं कई उड़ानें
नई दिल्ली। ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को इजराइल के हमले के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। हमले के बाद ईरान ने एहतियातन अपने एयरस्पेस को पूरी तरह बंद कर दिया। इसके चलते भारत की प्रमुख एयरलाइन एअर इंडिया को भी अपनी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रूट बदलना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एअर इंडिया ने कम से कम 16 फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया या फिर वापस बुला लिया।

इन फ्लाइट्स पर पड़ा असर

ईरान और इजराइल के बीच बढ़े तनाव का सीधा असर भारत से अमेरिका, कनाडा और यूरोप जाने वाली उड़ानों पर पड़ा। एअर इंडिया की जिन फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया या वापस बुलाया गया, उनमें शामिल हैं:
  1. AI130 – लंदन हीथ्रो-मुंबई – वियना डायवर्ट
  2. AI102 – न्यूयॉर्क-दिल्ली – शारजाह डायवर्ट
  3. AI116 – न्यूयॉर्क-मुंबई – जेद्दा डायवर्ट
  4. AI2018 – लंदन हीथ्रो-दिल्ली – मुंबई डायवर्ट
  5. AI129 – मुंबई-लंदन हीथ्रो – मुंबई वापस
  6. AI119 – मुंबई-न्यूयॉर्क – मुंबई वापस
  7. AI103 – दिल्ली-वाशिंगटन – दिल्ली वापस
  8. AI106 – नेवार्क-दिल्ली – दिल्ली वापस
  9. AI188 – वैंकूवर-दिल्ली – जेद्दा डायवर्ट
  10. AI101 – दिल्ली-न्यूयॉर्क – फ्रैंकफर्ट/मिलान डायवर्ट
  11. AI126 – शिकागो-दिल्ली – जेद्दा डायवर्ट
  12. AI132 – लंदन हीथ्रो-बेंगलुरु – शारजाह डायवर्ट
  13. AI2016 – लंदन हीथ्रो-दिल्ली – वियना डायवर्ट
  14. AI104 – वाशिंगटन-दिल्ली – वियना डायवर्ट
  15. AI190 – टोरंटो-दिल्ली – फ्रैंकफर्ट डायवर्ट
  16. AI189 – दिल्ली-टोरंटो – दिल्ली वापस लौटी

यात्रियों के लिए एअर इंडिया ने शुरू की विशेष व्यवस्था

एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए हम खेद प्रकट करते हैं। प्रभावित यात्रियों को रिफंड या री-शेड्यूलिंग का विकल्प दिया जा रहा है। साथ ही वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था और ठहरने की सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है। यात्रियों को अपनी फ्लाइट का स्टेटस एअर इंडिया की वेबसाइट पर चेक करने की सलाह दी गई है।

ईरान में भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचें और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अपडेट्स फॉलो करने की भी अपील की है।

हमले में ईरान के बड़े सैन्य अधिकारी की मौत

इस हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख जनरल हुसैन सलामी की मौत की पुष्टि हो गई है। माना जा रहा है कि हमले में कई अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारी और वैज्ञानिक भी मारे गए हैं। इसे 1980 के दशक के ईरान-इराक युद्ध के बाद ईरान पर सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है।

इजराइल और ईरान के बीच तनाव क्यों?

इजराइल और ईरान के बीच तनाव का मुख्य कारण ईरान का परमाणु कार्यक्रम है। इजराइल और अमेरिका का आरोप है कि ईरान गुप्त रूप से परमाणु हथियार बनाने की तैयारी कर रहा है। इसी के चलते इजराइल ने ईरान के परमाणु संयंत्रों को निशाना बनाते हुए हमला किया। हमले के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजराइल को कड़ी सजा देने की चेतावनी दी है। दोनों देशों के एयरस्पेस पूरी तरह बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ा है। जानकारों का मानना है कि हालात अभी और बिगड़ सकते हैं। अगर ईरान जवाबी कार्रवाई करता है, तो पश्चिम एशिया में बड़े संघर्ष की आशंका बन सकती है, जिसका असर वैश्विक विमानन और तेल बाजार पर भी दिखेगा। ये भी पढ़ें- अहमदाबाद प्लेन क्रैश : अब तक 265 लोगों की मौत, PM मोदी ने घटनास्थल का किया दौरा, सिविल अस्पताल में घायलों से की मुलाकात
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts