‘हम सच्चाई की आवाज नहीं दबने देंगे...’ इजरायली हमले के बाद फिर से बुलेटिन करने लौटी ईरानी एंकर, जानें कौन हैं सहर इमामी

तेहरान। सोमवार, 16 जून 2025 को ईरान की राजधानी तेहरान में इजरायल द्वारा किए गए मिसाइल हमले में देश के सरकारी मीडिया संस्थान IRIB (Islamic Republic of Iran Broadcasting) को निशाना बनाया गया। यह हमला उस वक्त हुआ जब प्रमुख एंकर सहर इमानी टीवी पर लाइव थीं और इजरायल की आलोचना कर रही थीं। धमाके के बाद स्टूडियो में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कुछ ही घंटों में सहर इमानी फिर से प्रसारण पर लौटीं और मजबूती से अपनी बात रखी।
हमले के बाद फिर लौटीं एंकर सहर इमानी
वीडियो में दिखा कि जैसे ही धमाका हुआ, कैमरे हिले और स्टूडियो में मलबा गिरने लगा। सहर को तत्काल स्टूडियो से बाहर निकलना पड़ा। लेकिन थोड़ी ही देर बाद उन्होंने दूसरे स्टूडियो से प्रसारण दोबारा शुरू किया। इस दौरान उनके चेहरे पर न डर था और न ही कोई घबराहट।"हम सच्चाई की आवाज नहीं दबने देंगे"
लौटने के बाद सहर इमानी ने बेहद ठोस शब्दों में कहा– "जो कुछ हुआ, वह इजरायली शासन द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का हताश प्रयास था। लेकिन सच्चाई की आवाज़ को रोका नहीं जा सकता।" उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का राष्ट्रीय मीडिया अपना कार्य और प्रसारण पूरी मजबूती से जारी रखेगा।सोशल मीडिया पर छाईं सहर
हमले के तुरंत बाद प्रसारण पर लौटने की हिम्मत को लेकर सहर इमानी को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है। ईरान की महिला और परिवार मामलों की उपराष्ट्रपति ज़हरा बहरामज़ादेह ने भी सहर की प्रशंसा करते हुए उन्हें "ईरानी महिलाओं के साहस का प्रतीक" बताया। सहर की उंगली उठाकर बोलने की शैली अब ईरान के बड़े नेताओं जैसे अयातुल्लाह खामेनेई और हसन नसरुल्लाह के अंदाज़ से जोड़ी जा रही है। उनकी तस्वीरें इन नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं।




















