Giorgia Meloni :कौन हैं इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी? जानें नेटवर्थ से लेकर लाइफस्टाइल को लेकर सबकुछ

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान मेलोनी ने रोम में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त। इसके बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
साधारण परिवार से राजनीति के शिखर तक का सफर
जॉर्जिया मेलोनी का जन्म 5 जनवरी 1977 को इटली की राजधानी रोम में हुआ था। उनका बचपन शहर के मजदूर वर्ग वाले इलाके गरबाटेला में बीता। जब वे सिर्फ एक साल की थीं, तभी उनके पिता परिवार छोड़कर चले गए थे। इसके बाद उनकी मां ने अकेले ही उनकी परवरिश की। कम उम्र में ही मेलोनी ने संघर्षों का सामना करना शुरू कर दिया था। परिवार की मदद के लिए उन्होंने युवावस्था में कई छोटे-मोटे काम किए, जिनमें नाइट क्लब में बार टेंडर की नौकरी भी शामिल थी।
15 साल की उम्र में राजनीति में एंट्री
मेलोनी ने बहुत छोटी उम्र से ही राजनीति में रुचि दिखानी शुरू कर दी थी। मात्र 15 साल की उम्र में वह इटैलियन सोशल मूवमेंट (MSI) नाम की राइट विंग पार्टी से जुड़ गई थीं। यही से उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत हुई। साल 2006 में वे 29 साल की उम्र में सांसद बनीं। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की सरकार में उन्हें युवा मामलों की मंत्री बनाया गया। उस समय वे इटली की सबसे कम उम्र की मंत्री थीं।
बनाई अपनी पार्टी, फिर बनीं इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री
साल 2012 में जॉर्जिया मेलोनी ने अपनी खुद की पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ बनाई। 2014 से वे लगातार इस पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं। साल 2022 उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ, जब वे इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। इसके बाद उनकी लोकप्रियता दुनियाभर में बढ़ी।
ये भी पढ़ें: मोदी-मेलोनी की जबरदस्त केमिस्ट्री! इटली में PM मोदी का भव्य स्वागत, रोम से सामने आया ‘Melodi’ मोमेंट, तस्वीरें वायरल
कितनी है जॉर्जिया मेलोनी की नेटवर्थ?
जॉर्जिया मेलोनी की कुल संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक, इटली की प्रधानमंत्री और लंबे समय से सांसद होने के कारण उन्हें हर साल करीब 99 हजार यूरो की आय होती है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 9 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है।
पर्सनल लाइफ भी रही चर्चा में
49 साल की जॉर्जिया मेलोनी फिलहाल सिंगल हैं। उन्होंने अक्टूबर 2023 में अपने लंबे समय के पार्टनर और टीवी पत्रकार एंड्रिया जियाम्ब्रूनो से रिश्ता खत्म कर लिया था। बताया जाता है कि टीवी शो के दौरान लीक हुए कुछ वीडियो क्लिप्स में एंड्रिया की विवादित और महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां सामने आई थीं। इसके बाद मेलोनी ने अलग होने का फैसला लिया। मेलोनी एक बेटी जिनेवरा की मां हैं और वह अपनी बेटी की परवरिश अकेले कर रही हैं।
बेहद सिंपल है जॉर्जिया मेलोनी की लाइफस्टाइल
दुनिया की ताकतवर महिला नेताओं में गिनी जाने वाली जॉर्जिया मेलोनी बेहद सादगी भरी जिंदगी जीती हैं। वे अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों और परिवार के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश करती हैं। मेलोनी पारंपरिक इटैलियन संस्कृति और फैमिली वैल्यूज को काफी महत्व देती हैं। यही वजह है कि उनकी छवि एक मजबूत लेकिन जमीन से जुड़ी नेता के तौर पर देखी जाती है।











